हरिद्वार में संदिग्ध बुखार से मरी किशोरी के माता-पिता के सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद क्वारंटीन किए दस लोगों और प्रशासन दोनों ने राहत की सांस ली है।
शंकर आश्रम के पास योगी विहार कॉलोनी निवासी एक किशोरी की मौत रविवार हो गई थी। किशोरी संदिग्ध बुखार से पीड़ित थी। किशोरी का सोमवार को कनखल के श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने माता-पिता का सैंपल लिया और अंतिम संस्कार में शामिल हुए लोगों को होम क्वारंटीन कर दिया था। सीएमओ डॉ. सरोज नैथानी ने बताया कि मृतक के माता-पिता की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
लॉकडाउन के बीच यूपी के चांदपुर से लौटे सभी 11 जमातियों को राजस्व कोटद्वार पुलिस ने उनके गांवों और घरों से तलाशकर क्वारंटीन सेंटर पहुंचा दिया है। इसी के साथ कोटद्वार में क्वारंटीन हुए जमातियों की संख्या बढ़कर 37 हो गई है। कोटद्वार से विभिन्न राज्यों में गई तीन जमातों पर भी पुलिस, प्रशासन और खुफिया एजेंसियों की निगाह है। सभी को संबंधित राज्यों और शहरों में रहने और क्वारंटीन रहने के संदेश भेज दिए गए हैं।
नायब तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद ममगाईं ने बताया कि चांदपुर की जमात से लौटे जमातियों की संख्या अब सात से बढ़कर 11 हो गई है। उन्हें तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों से तलाशकर सिमलचौड़ आयुर्वेदिक अस्पताल के क्वारंटीन सेंटर में पहुंचा दिया गया है। उन्होंने बताया कि धरगांव और चर के साथ ही भैड़गांव से भी एक जमाती को क्वारंटीन सेंटर भेज दिया गया है। ग्रास्टनगंज से भी चांदपुर के तीन अन्य जमातियों की तलाश कर उन्हें भी सिमलचौड़ क्वारंटीन सेंटर भेज दिया गया है।
तहसील क्षेत्र में अब चांदपुर की जमात समेत क्वारंटीन होने वाले नगीना और दिल्ली की जमातों के जमातियों की संख्या बढ़कर 37 हो गई है। बताया कि कोटद्वार से विभिन्न राज्यों में गई तीन जमातों पर भी निगाह रखी जा रही है। उन्हें संबंधित राज्य और शहरों में ही क्वारंटीन होने का संदेश भेजा गया है।