प्रदेश में एक मार्च के बाद आए सभी जमाती क्वारंटीन होंगे। राज्य में होम क्वारंटीन 128 जमातियों का इलाज भी अब सरकारी देखरेख में होगा। उन्हें सरकारी केंद्रों में शिफ्ट किया जा रहा है। साथ ही खुद को छिपाने वाले जमातियों पर एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं। पुलिस महानिदेशक अपराध अशोक कुमार ने शनिवार को राज्य के पुलिस कप्तानों के साथ वीडियो कांफ्रेस में ये निर्देश दिए हैं।
मस्जिद के इमाम समेत 13 लोगों को किया क्वारंटीन
देहरादून के पांच जमातियों में कोरोना के पुष्टि होने के बाद पुलिस ने उनके सम्पर्क में आए मस्जिद के इमाम समेत 13 लोगों को देर रात क्वारंटीन कर दिया। इन लोगों के कोरोना संक्रमित होने की आशंका है।
निजामुद्दीन मरकज़ से देहरादून लौटे 31 जमातियों को पुलिस ने बुधवार रात को उठाकर क्वारंटीन किया था। इनमें से पांच जमातियों में कोरोना पॉजिटिव आया था। शुक्रवार रात रिपोर्ट आने के बाद से पुलिस और खुफिया तंत्र जमातियों के संपर्क में आए।
जांच में पता चला कि ये जमाती भगतसिंह कालोनी की एक मस्जिद में आने जाने के साथ कारगी में ठहरे हुए थे। एसपी सिटी की अगुवाई में पुलिस और मेडिकल टीम ने भगतसिंह कालोनी और कारगी से जमातियों के संपर्क में आए लोगों को उठाकर क्वारंटीन किया। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही सही तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।