मुख्यमंत्री ने प्रदेश की स्वास्थ्य महानिदेशक अमिता उप्रेती के कोरोना के खिलाफ जंग में सेवाओं को सराहा। उन्होंने कहा कि डा. अमिता के पिता के मेडिकल कोर में थे। वही जज्बा डा. अमिता के अंदर है। उन्होंने मुझसे कहा कि अंतिम क्षण तक लड़ाई लडूंगी।
पर्यावरण मित्रों पर बरसाए फूल
मुख्यमंत्री ने देहरादून के एक मोहल्ले का जिक्र किया, जहां पर्यावरण मित्रों (सफाई कर्मी) के ऊपर फूल बरसाने का वीडियो वायरल हुआ। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों के प्रति ऐसा व्यवहार बनाए रखना होगा।
ऐसा बिल्कुल न करें
मुख्यमंत्री ने एक रसूखदार का जिक्र भी किया, जिसने एक सामाजिक संस्था के बनाए जा रहे फूड पैकेट उसे सौंपे जाने जैसी घटिया हरकत की। उन्होंने कहा कि किसी संस्था के नि:स्वार्थ भाव से किए जा रहे काम को अपने नाम से प्रचारित करवाने की सोच बेहद घटिया है।
बंद करें भंडारे
मुख्यमंत्री ने कहा कि कई जगह लोगों के लिए खाने के भंडारे लगाए जा रहे हैं। ये सामाजिक दूरी के सिद्धांत के खिलाफ हैं। ऐसे भंडारे बंद करने होंगे। उन्होंने केवल भोजन पैकेट वितरित करने और सूखा राशन बांटने की संस्थाओं से अपील की। मुख्यमंत्री ने जिक्र किया कि भाजपा ने एक दिन में 35 हजार पैकेट वितरित किए।
राहत : तीन पॉजिटिव केस हुए ठीक
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना के खिलाफ चल रही जंग के बीच एक अच्छी खबर भी है। प्रदेश में कोरोना संक्रमण से ग्रस्त सात लोगों में से तीन की रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है। अस्पताल में भर्ती अन्य चार लोग भी स्वस्थ हैं, जल्द उनकी रिपोर्ट भी आएगी।
देश के विभिन्न हिस्सों में जमात में शामिल होकर लौटे जिले के लोगों का बुधवार को चेकअप कराया गया। फिलहाल उन्हें बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है। यदि उनमें कोरोना लक्षण पाए जाते तो उन्हें आईसोलेशन में रखा जाएगा।
कोरोना वायरस के संक्रमण के बीच बुधवार को जमात से लौटे लोगों को लेकर सिटी में एसपी श्वेता चौबे और देहात में एसपी प्रमेंद्र डोभाल की अगुवाई में ऑपरेशन चलता रहा। राजधानी में माजरा, आजाद कालोनी, कारगी ग्रांट, मुस्लिम कॉलोनी, भगत सिंह कॉलोनी आदि में 70 के करीब ऐसे लोग पाए गए हैं, जो जमात से होकर आए हैं।
इसी तरह देहात में विकासनगर, सहसपुर और डोईवाला में जमाती चिन्हित किए गए हैं। जिलेभर में स्वास्थ्य विभाग की टीम पुलिस के साथ इनके घरों पर दस्तक देती रही। इन लोगों से चैकअप करने के साथ कई जानकारी जुटाई गई।
मसलन, वो जमात के दौरान कहां-कहां गए। किसी विदेशी जमाती से मुलाकात तो नहीं हुई। डीआईजी अरुण मोहन जोशी ने बताया कि जमातियों को लेकर जिलेभर में कार्रवाई की जा रही थी। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट का इंतजार है। यदि उनमें किसी तरह का संक्रमण मिलता हैं तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, उन्हें घरों से बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है।