पौड़ी के विकासखंड कोट के दर्जनभर गांवों में स्वास्थ्य विभाग की दो टीमों ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। कोरोना संक्रमण के लक्षण पाए जाने पर 200 ग्रामीणों के कोरोना सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। स्वास्थ्य टीम का कहना है कि क्षेत्र में अभी कई गांवों में लोग बुखार से परेशान हैं, उन गांवों में भी टीम ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण करेगी।
विकासखंड कोट के पूर्व कनिष्ठ प्रमुख वीरेंद्र सिंह नयाल ने 11 मई को क्षेत्र के दर्जनभर गांवों में ग्रामीणों के बुखार, खांसी, जुकाम से परेशान होने की शिकायत की थी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग ने इन गांवों में टीम भेजकर ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार व कोरोना जांच की मांग की थी। नयाल ने बताया स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र में दो टीमें भेज इन गांवों में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण व कोरोना सैंपलिंग की है।
स्वास्थ्य टीम में शामिल डा. उपेन्द्र पंवार ने बताया कि पैडुल, बहेड़ाखाल, नाहसैंण, पल्ला, डडोगी व बीडिंग में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। बताया कि 60 ग्रामीणों का मौके पर रैपिड एंटीजन टेस्ट किया गया, जिसमें संक्रमण की पुष्टि नहीं हो पाई। लेकिन एहतियात के तौर पर 200 ग्रामीणों का आरटीपीसीआर टेस्ट के लिए सैंपल लिया गया।
जांच टीम में डा. अमित मेहरा, लैब टैक्निशियन कल्पेश्वर बड़थ्वाल, सूरज आदि शामिल थे। दूसरी जांच टीम में डा.शिवानी, डा. आयुषी रॉय, भाष्कर, राजेश आर्य ने विभिन्न गांवों में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।