कोरोना संक्रमण की वर्तमान स्थिति को देखते हुए प्रदेश सरकार ने अब आयुष पर भरोसा जताया है। टीकाकरण अभियान के साथ ही प्रदेश सरकार अब लोगों को आयुष किट भी उपलब्ध कराएगी। इसी के तहत मुख्यमंत्री ने होम्योपैथिक चिकित्सा सेवाओं के लिए करीब 1.18 करोड़ रुपये जारी किए हैं।
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने बताया कि फ्रंटलाइन कोरोना योद्धाओं, आवश्यक सेवाओं में कार्य कर रहे व्यक्तियों, जनसामान्य को बचाव के रूप में आर्सेनिक अलबम और लक्षणों के आधार पर अन्य जरूरी दवाओं और सुरक्षा संबंधी सामग्री वितरित किए जाने का फैसला किया गया है। इसके लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से 1.18 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
यह भी तय किया गया है कि आयुर्वेदिक और यूनानी सेवाओं के तहत रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने के लिए आयुष रक्षा किट खरीदीं जाएं। राज्य व जिला स्तर पर आयुष डेस्क की स्थापना करने, कोविड सुरक्षा सामग्री खरीदने के साथ ही जिला मुख्यालयों में आयुष रथ का संचालन किए जाने के लिए 4.64 करोड़ रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष से जारी किए गए हैं।
आयुष मंत्रालय ने भी जारी किए पांच करोड़, जल्द मिलेंगी किट: हरक सिंह
आयुष मंत्री हरक सिंह ने बताया कि एक सप्ताह के अंदर-अंदर आयुुष मंत्रालय भी कोविड संक्रमण की रोकथाम के लिए केंद्र की ओर से जारी गाइडलाइन के तहत आयुष किटों का वितरण करेगा। इसके लिए पांच करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। कोरोना के पहले दौर में आयुर्वेदिक और यूनानी दवाओं के बेहतर परिणाम सामने आए थे। इसी को देखते हुए यह तैयारी की जा रही है। किट में आयुष क्वाथ के साथ ही कोरोना संक्रमण के प्रभाव को कम करने वालीं अन्य दवाओं को भी शामिल किया जा रहा है।