बीएचईएल की हरिद्वार इकाई ने औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) के सहयोग से एक बहुत महत्वपूर्ण इलेक्ट्रोस्टेटिक डिसइंफेक्शन स्प्रे मशीन का निर्माण किया है। दावा किया गया है कि अपनी तरह की देश में यह पहली अत्याधुनिक मशीन है जो आसानी से बहुत बेहतर परिणाम देती है।
शनिवार को भेल हीप के कार्यपालक निदेशक संजय गुलाटी ने भेल अस्पताल में इस मशीन का लोकार्पण किया। इस दौरान कार्यपालक निदेशक संजय गुलाटी ने कहा कि अस्पतालों, क्वारंटीन सेंटरों, विद्यालयों, कार्यालयों और अतिथि गृहों आदि में कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने में यह मशीन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने बताया कि इस मशीन से प्रथम चरण में बीएचईएल के अस्पताल परिसर में बड़े पैमाने पर कीटाणुनाशक का छिड़काव किया गया।
भेल प्रबंधन का दावा है कि इस पोर्टेबल मशीन के माध्यम से इंडोर एरिया जैसे अस्पतालों, कार्यालयों आदि के अंदर भी प्रभावी रूप से कोविड डिसइंफेक्टेंट का छिड़काव किया जा सकेगा। इसमें डिसइंफेक्टेंट की कम मात्रा का प्रयोग
होने से उसकी बचत भी होगी। इस मशीन से निकलने वाली तीव्र, सूक्ष्म और आवेशित तरल बूंदें बारीक सतहों तक पहुंच कर एक कीटाणुनाशक परत बनाने का कार्य करती हैं।