कुमाऊं विश्वविद्यालय का आठ मई को वर्चुअल रूप से होने वाला दीक्षांत समारोह कोरोना संक्रमण के कारण टल गया है। कुलाधिपति बेबी रानी मौर्य ने मौजूदा हालात को देखते हुए दीक्षांत समारोह को स्थगित करने को कहा है।
पहले यह समारोह भौतिक रूप से आयोजित होना था लेकिन बाद में कोरोना की स्थिति को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे वर्चुअल रूप में करने का निर्णय लिया गया। डीएसबी परिसर के निदेशक प्रोफेसर एलएम जोशी ने बताया कि भविष्य में भी यह समारोह वर्चुअल तरीके से ही होगा।
समय के हिसाब से तय हो ऑनलाइन क्लास की फीस
हरिद्वार महानगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी ने निजी स्कूलों पर ऑनलाइन क्लास के नाम पर मनमानी फीस वसूलने का आरोप लगाया है। उन्होंने शिक्षा मंत्री से मनमानी पर अंकुश लगाने के लिए ऑनलाइन क्लास के समय के अनुसार फीस तय करने की मांग की है।
स्कूल ड्रेस के लिए दवाब बना रहे स्कूल : लालचंद
देहरादून महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि सरकार के आदेश के तहत प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थान बंद हैं। इसके बावजूद निजी स्कूल अभिभावकों पर फीस और ड्रेस लाने का दबाव बना रहे हैं। सरकार के आदेश के बावजूद निजी स्कूल प्रशासन मनमानी पर उतारू हैं। उन्होंने कहा निजी स्कूलों की फीस लेने की प्रक्रिया को लेकर प्रदेश सरकार का पक्ष स्पष्ट नहीं है। सरकार कभी निजी स्कूलों को फीस लेने से इनकार करती है, कभी मौन स्वीकृति दे देती है। इसी बीच निजी स्कूलों ने अब वसूली करने का नया तरीका ईजाद किया है। उन्होंने नैतिकता के आधार पर निजी स्कूलों से लॉकडाउन की अवधि की फीस माफ करने की मांग की है।