कुंभ मेले में श्रद्धालुओं समेत सभी को एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) का सख्ती से पालन करना होगा। एसओपी के हिसाब से बॉर्डर पर पुलिस फोर्स की ड्यूटी लगा दी गई है। यहां श्रद्धालुओं और हर आने वाले लोगों की चेकिंग की जाएगी।
आईजी कुंभ संजय गुज्याल के अनुसार बिना कोराेना जांच प्रमाणपत्र के बार्डर पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए जांच सुविधा रहेगी। जांच के दौरान उनके मोबाइल नंबर लिए जाएंगे। अगर कोई पॉजिटिव आता है तो पुलिस की सर्विलांस टीम उसको फॉलो करेगी।
उन्होंने कहा कि कई ऐसे स्थानीय लोग हैं जो रोजाना अप डाउन करते हैं। उनको थोड़ा छूट दे सकते हैं। क्योंकि वह कुंभ मेला क्षेत्र से बाहर वाले हैं। महाकुंभ मेले में बहुत बड़ी भीड़ होती है।
इसलिए भीड़ को यू-टर्न कराने के बजाए पहले उनको जागरूक किया जाएगा। सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन कराने के लिए अर्द्धसैनिक बलों को ड्यूटी पर भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि एसओपी व कोरोना संक्रमण से बचाव की गाइडलाइन का पालन करना सभी के लिए अनिवार्य है।