शारदीय नवरात्र के पहले से ही मां पूर्णागिरि धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही का क्रम शुरू हो गया है। इन दिनों रोज पांच सौ से ज्यादा श्रद्धालु देवी मां के दर्शन को पहुंच रहे हैं। मंदिर समिति अध्यक्ष पं. भुवन चंद्र पांडेय का कहना है कि देवी मां के दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं को कोरोना संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए समिति ने भैरव मंदिर से मुख्य मंदिर तक स्वयंसेवक तैनात किए हैं।
सीमा पर हो पंजीकरण की सुविधा
मां पूर्णागिरि मंदिर समिति उपाध्यक्ष नीरज पांडेय ने मां पूर्णागिरि धाम के दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं के लिए राज्य अथवा जिले की सीमा पर ऑनलाइन पंजीकरण केंद्र खोले जाने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि उत्तर भारत के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं को सीमा पर पंजीकरण की सुविधा मिलने से सहूलियत होगी। संवाद