जिला - रिकवरी दर प्रतिशत में
टिहरी 96
पिथौरागढ़ 92
रुद्रप्रयाग 91
अल्मोड़ा 87
बागेश्वर 87
हरिद्वार 85
चमोली 84
चंपावत 82
देहरादून 79
उत्तरकाशी 79
यूएस नगर 77
नैनीताल 67
पौड़ी 65
देहरादून जिले में शुक्रवार को आईटीबीपी के छह और सेना के सात जवानों समेत 21 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। सभी संक्रमित मरीजों को जिले के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती किया गया है। सीएमओ डॉ. बीसी रमोला ने बताया कि छत्तीसगढ़, चेन्नई, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बंगाल आदि जगह से हाल ही में कुछ सेना के जवान लौटे थे।
एहतियातन सभी को क्वारंटीन कर सैंपल लिए गए थे। जांच में अब इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिन सात जवानों में शुक्रवार को संक्रमण की पुष्टि हुई, उन्हें गढ़ी कैंट स्थित सैन्य अस्पताल में भर्ती किया गया है। इसके अलावा दिल्ली से लौटे आईटीबीपी के जवानों को सीमाद्वार स्थित आइटीबीपी परिसर के बाहर के एक क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था।
उनमें से छह जवानों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनके साथियों में भी पहले संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। सीएमओ ने बताया कि एम्स ऋषिकेश की एक नर्सिंग अधिकारी, अफगानिस्तान से लौटे एक युवक, दून अस्पताल में पहले से भर्ती तीन लोगों, मुंबई और गुजरात से लौटे एक-एक युवक की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इन सभी को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती करा दिया गया है। इसके अलावा देहरादून जिले में शुक्रवार को 14 संक्रमित मरीजों को स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी है।
ढाई करोड़ से हेल्थ सेक्टर की सेहत सुधरेगी। जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने इसके लिए स्वास्थ्य विभाग को धनराशि जारी कर दी है। इसके तहत एक एडवांस लाफइ सपोर्ट के लिए तथा 5 क्विक रिस्पांस टीम के लिए एंबुलेंस खरीदी जाएगी। इसके अलावा शव ले जाने के लिए भी वाहन खरीदा जाएगा।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रशासन ने यह धनराशि स्वास्थ्य विभाग को जारी की है। नाजुक मामलों में मरीज को एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल तक पहुंचाने के लिए एडवांस लाइफ सपोर्ट के लिए एंबुलेंस ली जा रही है। ताकि मरीज के जीवन को बचाया जा सके।
इसी तरह कोरोना संक्रमित मरीज के मिलने पर क्विक रिस्पांस टीम तुरंत मौके पर पहुंचे, इसके लिए भी पांच एंबुलेंस ली जाएंगी। साथ ही शव ले जाने के लिए भी हेल्थ विभाग के पास वाहन नहीं है, जिसे देखते हुए एक वाहन भी खरीदा जाएगा, ताकि शव को ले जाया जा सके। बताया कि जल्द ही इसका टेंडर किया जाएगा।
डीएम ने बताया कि जिले में कोरोना के 734 मामले हैं। जिनमें से 100 से अधिक मरीजों का इलाज चल रहा है। जबकि अन्य मरीज ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। जिले में 22500 कोरोना टेस्ट हुए हैं। प्रति 10 लाख की आबादी में दून में 14091 लोगों के टेस्ट किए गए हैं। जबकि पहले यह 12 हजार था। दून में डबलिंग रेट 72.6 है, जबकि देश में डबलिंग रेट 24 है।
मिनरल सेस से दो करोड़ दिए
डीएम ने बताया कि जिला प्रशासन के पास खनन से मिलने वाले मिनरल सेस भी स्वास्थ्य विभाग को करीब दो करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं। जिसके जरिये 04 डिजिटल एक्सरे मशीन, 50-50 छोटे-बड़े ऑक्सीजन सिलेंडर आदि दिए जाएंगे। इससे भी स्वास्थ्य विभाग को काफी सहूलियत मिलेगी।
जिले में आज खुले दफ्तर और प्रतिष्ठान
डीएम ने बताया अब जिले में दो दिन की साप्ताहिक बंदी नहीं होगी। इसके तहत शनिवार को दून के सभी सरकारी एवं निजी दफ्तर, प्रतिष्ठान और दुकानें खुलीं। बताया कि व्यापारियों ने देहरादून और डोईवाला में साप्ताहिक बंदी रविवार रखने का निर्णय लिया है। वहीं, विकासनगर का तहसील बाजार शनिवार तथा ऋषिकेश में साप्ताहिक बंदी बृहस्पतिवार रहेगी।