प्रदेश में कोरोना मरीजों की संख्या रोजाना बढ़ रही है, लेकिन पहले की तुलना में कंटेनमेंट जोन की संख्या घट गई है। बीते 17 दिनों में कंटेनमेंट जोन 486 से घटकर आधे हो गए हैं। वर्तमान में सात जिलों में 237 क्षेत्रों को पाबंद किया गया है।
प्रदेश में अनलॉक-3 में कोरोना संक्रमित मामले तेज से बढ़ने के कारण सरकार ने माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाए थे। 15 अगस्त को प्रदेश में कंटेनमेंट जोन की संख्या 486 थी। अब इनकी संख्या घटकर 237 हो गई है। हरिद्वार में 167, देहरादून में 11, ऊधमसिंह नगर में 19, उत्तरकाशी में नौ, बागेश्वर में एक, टिहरी में पांच और नैनीताल में 25 क्षेत्रों को पाबंद किया गया है।
वर्तमान में प्रदेश में रोजाना पांच से छह सौ तक कोरोना मरीज मिल रहे हैं। लेकिन पहले की तुलना में कंटेनमेंट जोन लगातार कम हो रहे हैं। बता दें कि कंटेनमेंट जोन में आवश्यक सेवाओं को छोड़ कर बाकी सभी गतिविधियों और लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध है।
प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक अब चार अगस्त को सुबह 11 बजे राज्य सचिवालय के विश्वकर्मा भवन स्थित वीरचंद्र सिंह गढ़वाली सभागार में होगी। यह बैठक बुधवार को होनी थी। लेकिन मुख्यमंत्री के ओएसडी के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद कैबिनेट स्थगित कर दी गई।
मुख्यमंत्री को सेल्फ आइसोलेशन में जाना पड़ा। शुक्रवार को मुख्यमंत्री आइसोलेशन से बाहर आ जाएंगे। उसी दिन वह कैबिनेट की बैठक में हिस्सा लेंगे। कैबिनेट की यह बैठक पिछले दो हफ्तों में दो बार टली है।
देहरादून जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी कड़ी में बुधवार को दून, विकासनगर व ऋषिकेश में कोरोना संक्रमितों के मिलने पर तीन इलाकों को पाबंद कर दिया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं।
डीएम ने बताया कि नगर निगम देहरादून स्थित कस्तूरी चौक, चकतुनावाला लोवर का वह हिस्सा जिसके पूर्व में कैनाल रोड, पश्चिम में रायपुर मियांवाला रोड, उत्तर में हरीश थपलियाल का मकान व दुकान तथा दक्षिण दिशा में जगदीश प्रसाद का मकान मौजूद है, उसे पाबंद कर दिया गया है।
वहीं, ऋषिकेश 982-आवास विकास कालोनी, वीरभद्र रोड का वह क्षेत्र, जिसके पूर्व में आवासीय कालोनी, पश्चिम में रास्ता, उत्तर में खाली निर्माणधीन बड़ा भवन तथा दक्षिण दिशा में वैजंती गुप्ता का मकान है, उसे पाबंद कर दिया गया है। इसी तरह विकासनगर स्थित वार्ड-13 मदीना बस्ती नवाबगढ में वह हिस्सा, जिसके पूर्व में खालिद के घर तक, पश्चिम में आसिफ के घर तक, उत्तर में शमशुद्दीन के खाली प्लाट तथा दक्षिण दिशा में पानी की गूल मौजूद है, उसे कंटेनमेंट जोन बना दिया गया है।