पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों के लिए सरकार ने पर्यटक प्रोत्साहन कूपन योजना शुरू की है। कोविड महामारी के कारण प्रभावित पर्यटन सेक्टर को पटरी पर लाने के लिए सरकार की ओर से हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उत्तराखंड संस्कृति और पर्यावरण का खजाना है।
शुक्रवार को री-कनेक्ट व री स्टार्ट टूरिज्म पर आयोजित वर्चुअल ट्रेवल ट्रेड में पर्यटन मंत्री ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के कारण पर्यटन सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र है। उन्होंने दोहराया कि कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट लाकर बाहरी राज्यों के पर्यटकों को उत्तराखंड में घूमने में कोई प्रतिबंध नहीं है। बताया कि पर्यटन क्षेत्र में रोजगार की समस्या के समाधान के लिए वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार और होमस्टे योजना में ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा की गई है।
महाराज ने कहा कि धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में अपार अवसर हैं। प्रदेश में रामायण सर्किट, सीता सर्किट और महाभारत सर्किट पर काम शुरू हो गया है। एक बार यह नया सर्किट पूरा होने के बाद राज्य में धार्मिक पर्यटन के नए रास्ते खुलेंगे।