उच्च शिक्षा एवं सहकारिता राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने ब्लाक स्तर पर जल्द ही हेल्थ वेलनेस सेंटर खोले जाएं। जिन ब्लाक में विभागीय भवन उपलब्ध हैं, वहां पर वेलनेस सेंटर शुरू किया जाए।
सोमवार को विधानसभा स्थित कार्यालय में उच्च शिक्षा राज्यमंत्री ने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने के लिए सरकार की ओर से हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। कोरोना संक्रमण के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में सभी स्वास्थ्य केंद्रों में बुनियादी ढांचे और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए सरकार ने पर्याप्त बजट की व्यवस्था की है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले जिन अस्पतालों में डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ व सफाई कर्मियों की कमी है। वहां शीघ्र ही तैनाती की जाए। पौखाल, पल्लीसैंण, चैंरीखाल, जसपुर में हेल्थ वेलनेस सेंटर के लिए भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। पाबौं, खिर्सू, थलीसैंण ब्लाक में जहां पर विभागीय भवन उपलब्ध है, वहां जल्द सेंटर शुरू किया जाए।
कोरोना महामारी के बढ़ते हुए मामलों की रोकथाम के लिए केंद्र सरकार के सूचना प्रसारण मंत्रालय के रीजनल आउटरिच ब्यूरो ने पांच दिवसीय जन जागरूकता अभियान जनपद हरिद्वार में शुरू किया है।
सोमवार को शुभारंभ रीजनल आउटरिच ब्यूरो देहरादून के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी एनएस नयाल के निर्देशन में मोबाइल आडियो वैन को गोविंद कृपा सेवा समिति धर्मार्थ ट्रस्ट के संरक्षक संजय वर्मा और नेहरू युवा केंद्र अजीतपुर के अध्यक्ष दिनेश कश्यप ने हरी झंड़ी दिखाकर किया।
एनएस न्याल ने बताया कि यह मोबाइल वैन जनपद हरिद्वार के गांव और शहरों में जाकर लोगों को कोरोना से बचाव के लिए जागरूक करेगी। अभियान को सहयोग देने के लिए समाजसेवी अर्चना धींगरा, सुनिधी चोपड़ा, आकांक्षा पुंडीर, अनीता वर्मा आदि उपस्थित रहे।
देहरादून में कोरोना संक्रमितों के मिलने पर जिलाधिकारी ने नेहरू एनक्लेव जीएमएस रोड तथा 199 दून विहार के आसपास के मकानों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। वहीं, सुपरमैक्स लैबोरेटरी प्लाट नंबर-40 सेलाकुई को पाबंद से मुक्त कर दिया गया है।
नेहरू एनक्लेव, जीएमएस रोड वसंत विहार का वह हिस्सा जिसके पूर्व में प्रवीन कुमार गोयल का मकान, पश्चिम में गोपाल के मकान के पास चार फिट की गली, उत्तर में कृष्ण लाल ढींगरा का मकान तथा दक्षिण दिशा में रतन प्रकाश का मकान मौजूद है, उसे कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। इसी तरह 199 दून विहार जाखन का वह हिस्सा जिसके पूर्व में 196 राजीव मल्होत्रा, पश्चिम में आम रास्ता, उत्तर में अशोक कुमार का भवन तथा दक्षिण दिशा में रीतू मैनी का मकान है, उसे कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। इसके अलावा बीते दिनों विकासनगर स्थित सुपरमैक्स लैबोरेटरी प्लाट नंबर-40 फार्मा सिटी सेलाकुई को पाबंदी से मुक्त कर दिया गया है।
मास्क न पहनने पर 242 का चालान
सार्वजनिक स्थानों पर मास्क न पहनने पर 242 लोगों के चालान किए गए। वहीं, 226 प्रवासी फ्लाइट से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। इसके अलावा 194 लोग फ्लाइट से दूसरे राज्य गए। मनरेगा के तहत 28431 श्रमिकों को रोजगार दिया गया। आशा कार्यकर्ताओं ने 732 लोगों का फॉलोअप लिया। दून पहुंचे 411 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें क्वारंटीन किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने 63826 लोगों की सामुदायिक निगरानी की। 65 लोगों की काउंसिलिंग की गई।