भाजपा के नैनीताल-ऊधमसिंह नगर से सांसद व भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट सोमवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) से डिस्चार्ज हो गए। वे कोरोना की चपेट में आने के बाद से एम्स में भर्ती थे। नई दिल्ली एम्स प्रशासन ने बताया कि सांसद अजय भट्ट अब पूरी तरह से स्वस्थ हैं और उन्हें आज अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
एम्स से छुट्टी के बाद सांसद भट्ट ने सबका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह अब पूरी तरह से स्वस्थ हैं। उन्होंने एम्स नई दिल्ली के डायरेक्टर डॉ. रणदीप गुलेरिया, समस्त टीम का धन्यवाद किया।
नए साल में कोरोना संक्रमण काबू में आया है। पहले जहां एक दिन में एक हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हो रहे थे। वहीं, अब चार दिन में 1192 संक्रमित मामले सामने आए हैं। कोरोना से जंग में सकारात्मक नतीजों से सरकार व स्वास्थ्य विभाग को थोड़ी राहत मिली है। कोरोना मरीजों की मृत्यु दर को कम करने की चुनौती बढ़ रही है।
प्रदेश में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रतिदिन औसतन 13 से 15 हजार सैंपलों की जांच हो रही है। पहले की तुलना में सैंपलिंग बढ़ी है और संक्रमित मामले कम हुए हैं। सितंबर व अक्तूबर में पहले एक दिन में एक हजार से अधिक लोग कोरोना संक्रमित मिल रहे थे, लेकिन नए साल में कोरोना संक्रमण काबू में आया है।
चार दिन के भीतर 1192 संक्रमित मामले सामने आए हैं। कोरोना संक्रमित मरीजों की मृत्यु दर कम नहीं हो रही है। एक सप्ताह पहले प्रदेश में मृत्यु दर 1.65 प्रतिशत थी। जो बढ़ कर 1.67 प्रतिशत हो गई है।
पिछले चार दिनों में कोरोना संक्रमण की स्थिति
तिथि संक्रमित ठीक हुए मौत
एक जनवरी 361 492 06
दो जनवरी 263 463 07
तीन जनवरी 267 244 05
चार जनवरी 301 695 08
बनबसा के एसओ और कई पुलिसकर्मियों समेत आठ लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। पंचेश्वर कोतवाली में हुई कोरोना की एंटीजन जांच में पुलिस विभाग के एक ही परिवार के चार लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। पूरे परिवार को आईसोलेट कर दिया गया है।
फार्मासिस्ट मनोज कुमार ने बताया कि टीम ने सोमवार को पंचेश्वर कोतवाली परिसर में कोरोना की एंटीजन जांच की। इसमें पुलिस कर्मी सहित चार लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जुनैद कमर ने बताया कि कोरोना की पहचान के लिए लगातार एंटीजन जांच कर आरटीपीसीआर जांच के लिए नमूने लैब भेजे जा रहे हैं।
वहीं ऊधमसिंह नगर से सटे चंपावत जिले के बनबसा के थानाध्यक्ष सहित चार पुलिस कर्मी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें थानेदार धर्मवीर सोलंकी, एसआई गोविंद सिंह, सिपाही मंजीत, परमजीत शामिल हैं। डॉ. मो. उमर ने बताया कि सभी को होम क्वारंटीन किया गया है।