प्रदेश में चल रहे पहले चरण के कोरोना टीकाकरण अभियान में 71 प्रतिशत स्वास्थ्य कर्मचारियों (हेल्थ वर्करों) ने वैक्सीन लगवाकर कोरोना वायरस से हिफाजत कर ली है। बृहस्पतिवार को प्रदेश के 168 बूथों पर 8705 कर्मियों ने वैक्सीन लगवाई है। अभियान के 20 दिनों में 62658 हेल्थ वर्करों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।
कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम के लिए पहले चरण में प्रदेश के 87588 हेल्थ वर्करों को वैक्सीन लगाई जानी है। बृहस्पतिवार को 13 जिलों में 168 टीकाकरण बूथों पर 8705 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन की पहली खुराक दी गई। अब तक 71 प्रतिशत हेल्थ वर्करों को टीका लगाने से कोरोना वायरस से सुरक्षा कवज मिला है।
राज्य कोविड कंट्रोल रूम के चीफ ऑपरेटिंग आफिसर डॉ.अभिषेक त्रिपाठी का कहना है कि प्रदेश में टीकाकरण अभियान सफलतापूर्वक चल रहा है। प्रदेश में वैक्सीन का गंभीर प्रभाव नहीं मिला है।
स्वास्थ्य कर्मियों को सात फरवरी तक ही वैक्सीन लगाई जाएगी। इस तिथि तक यदि कोई हेल्थ वर्कर वैक्सीन लगाने नहीं आता है तो उसे दोबारा मौका नहीं मिलेगा। आठ फरवरी से प्रदेश में फ्रंट लाइन वर्करों को कोविड वैक्सीन लगाई जाएगी।