सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि जल्द ही देहरादून में हंस फाउंडेशन के माध्यम से 1000 बेड का कोविड केयर सेंटर बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ जनरल विपिन रावत से मुलाकात कर कोविड अस्पताल के लिए सेना के डॉक्टर मांगे गए हैं। साथ ही सैनिक कल्याण मंत्री ने कैंट स्थित अस्पताल में भी 150 बेड का कोविड केयर सेंटर बनाने के निर्देश कैंट सीईओ तनु जैन को दिए हैं।
दून सहित प्रदेशभर में लगातार बढ़ते कोरोना मरीजों को देखते हुए सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कैंट अस्पताल का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ जनरल विपिन रावत से मुलाकात की। इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि दून में जल्द ही हंस फाउंडेशन की मदद से 1000 बेड का कोविड केयर सेंटर बनाया जाएगा।
सीडीएस जनरल विपिन रावत से उन्होंने इस अस्पताल के लिए सेना के डॉक्टर, नर्स, सहायक स्टाफ, दवाइयों और अन्य सामग्री की मांग की। बताया कि सीडीएस विपिन रावत ने भी संक्रमण के विरुद्ध राज्य को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।
सीडीएस रावत ने आश्वासन दिया है कि राज्य सरकार की ओर से ऑक्सीजन की व्यवस्था किए जाने पर सेना अपने सेवानिवृत्त चिकित्सकों को तैनात कर देगी।