जब कोरोना संक्रमण के शुरुआती मामले सामने आ रहे थे तब तो स्वास्थ्य विभाग की टीम घरों में जाकर जांच कर रही थी, लेकिन अब मरीजों की संख्या बढ़ने पर विभाग भी इसे लेकर असमर्थता जता रहा है। मरीजों की बढ़ती संख्या की तुलना में स्वास्थ्य विभाग के पास इतने बंदोबस्त नहीं हैं।
कुछ निजी लैब वाले सैंपल के होम कलेक्शन को तैयार हैं, लेकिन कोरोना गाइडलाइन की जटिलता से वह भी आसानी से होम कलेक्शन नहीं कर पा रहे हैं।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. दिनेश चौहान ने बताया कि घर-घर जाकर सैंपल कलेक्शन इस वक्त संभव नहीं हो पा रहा है, लेकिन राजकीय दून मेडिकल अस्पताल के अलावा राजकीय जिला कोरोनेशन अस्पताल और सर्वे चौक स्थित तीलू रौतेली बालिका छात्रावास में बनाए गए कोविड केयर सेंटर में लोगों की सुविधा के लिए सैंपल जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।