भाजपा नेता और 15 सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष शादाब शम्स भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। उन्हें खांसी और बुखार की शिकायत थी। कोविड टेस्ट कराया तो जांच पॉजिटिव आ गई।
शादाब शम्स ने कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि की है। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. देवेंद्र भसीन ने बताया कि शादाब शम्स को मैक्स अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
शम्स ने उनके संपर्क में आए पार्टी के कार्यकर्ताओं व अन्य लोगों को कोरोना टेस्ट कराने को कहा है। इनसे पहले भी प्रदेश अध्यक्ष समेत भाजपा के कई नेता कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। पार्टी नेताओं ने शम्स के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
बुखार और निमोनिया के कारण सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराईं गईं नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश कोरोना संक्रमित पाई गई हैं। देर रात शहर की प्राइवेट लैब से आई कोरोना जांच रिपोर्ट में उनके संक्रमित होने की पुष्टि हुई। शनिवार को नेता प्रतिपक्ष इलाज के लिए हेलीकाप्टर से दून के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराईं गईं हैं। उधर, धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धाम भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। देहरादून के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
हरिद्वार एसएसपी भी कोरोना संक्रमित
हरिद्वार पुलिस महकमे के सिपाही और इंस्पेक्टरों के बाद अब एसएसपी भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। एसएसपी सेंथिल अबूदई कृष्णराज एस की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। उन्होंने अपने आप को होम आइसोलेट कर दिया है। जानकारी के अनुसार एसएसपी ने कुछ दिन पहले अपनी आरटीपीसीआर जांच करवाई थी। शुक्रवार को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। एसएसपी की रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।