कोरोना के इलाज में सारी जमापूंजी लगाने के बाद हाल ये है कि कई लोगों के पास दाह संस्कार करने के लिए भी पैसा नहीं है। ऐसे में मृतक के परिजन दाह संस्कार के लिए लकड़ी खरीदने के लिए पैसे मांगने के लिए बेबस हैं।
बुधवार को अल्मोड़ा निवासी जगदीश राम अपने भाई का शव एंबुलेंस में लेकर दाह संस्कार कराने के लिए गौला रोखड़ स्थित अस्थायी श्मशान घाट पहुंचे। शव उतारने के बाद वह पास बैठे रोने लगे। जब उनका नंबर आया तब भी वह शव जलाने के लिए नहीं ले गए।
हल्द्वानी के मेयर जोगेंद्र रौतेला ने उनसे पूछा तो वह बोले साहब मैं बहुत गरीब आदमी हूं। मैंने भाई के इलाज के लिए दो लाख रुपये उधार लिया था। वह इलाज और अन्य चीजों में खत्म हो गया। मेरे पास लकड़ी खरीदने के लिए भी पैसा नहीं है। लकड़ी का पैसा कोई दे दे तो मैं भाई का अंतिम संस्कार कर लूंगा।
इस पर मेयर ने सहायक नगर आयुक्त गौरव भसीन को बुलाकर नगर निगम के खाते से लकड़ी खरीदने और चिता लगाने का निर्देश दिया। इसके बाद निगम ने लकड़ी खरीदकर चिता लगवाई। तब जाकर जगदीश राम ने अपने भाई का अंतिम संस्कार कराया।
इलाज के दौरान मरीजों के परिजन इतने थके चुके हैं कि वह चिता जलने के बीच आराम फरमाने के लिए पास में लगी बेंच में सो जा रहे हैं। रानीखेत निवासी कैलाश अपने परिजन का शव लेकर वहां पहुंचे। शव को आग लगाने के बाद वह बेंच में ही आराम करने के लिए सो गए। उन्होंने बताया कि शव मिलने में ही एक दिन लग जा रहा है। ऐसे में आराम का मौका भी नहीं मिल रहा है।
पैसे नहीं होने पर निगम करेगा लकड़ी की व्यवस्था
नगर निगम के अधिकारियों से कहा गया है कि गरीब और असहाय व्यक्ति के अंतिम संस्कार का खर्च निगम के बजट से किया जाए। कहा कि जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं, वह मौके पर निगम के अधिकारी से मिलकर मदद मांग सकता है।
- जोगेंद्र रौतेला, मेयर नगर निगम
इनसे लें मदद
मनोज कांडपाल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी-9410119773
गौरव भसीन, सहायक नगर आयुक्त- 7617548173
अमोल असवाल, सफाई निरीक्षक-9897505287