स्वास्थ्य विभाग के चार अनुभागों के कार्मिकों को लड्डू महंगे पड़ गए। सोमवार को अनुभाग के एक होमगार्ड कर्मी ने संतान होने की खुशी में चारों अनुभागों के कार्मिकों को लड्डू बांटे थे। इसके बाद उसने अपना कोविड एंटीजन टेस्ट कराया तो रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। इसकी सूचना मिलते ही अनुभाग में तैनात कर्मचारियों में हडकंप मच गया। एहतियात के तौर पर चारों अनुभागों को 48 घंटे के लिए सील कर दिया गया है।
सोमवार को सचिवालय के अधिकारी-कर्मचारियों के एंटीजन टेस्ट किए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 82 कर्मचारियों की जांच की, इनमें से तीन पॉजिटिव आए हैं। बचे हुए कार्मिकों की जांच मंगलवार को की जाएगी।
- डॉ.विमलेश जोशी, वरिष्ठ चिकित्साधिकारी, सचिवालय डिस्पेंसरी
राज्य सचिवालय की तर्ज पर विभागों में भी कोविड टेस्ट की मांग उठ रही है। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने सभी विभागों में लक्षण वाले अधिकारियों व कर्मचारियों का निशुल्क एंटीजन टेस्ट कराने की मांग की है।
परिषद के प्रदेश कार्यकारी महामंत्री अरुण पांडेय के मुताबिक, विभागीय कार्यालयों में भी कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। सरकार को कार्यालयों में कर्मचारियों के टेस्ट कराए जाने की सुविधा देनी चाहिए।
48 कर्मचारियों का टेस्ट नेगिटिव
शुक्रवार को सचिवालय में चिकित्सा विभाग की एक टीम ने कर्मचारियों के रेपिड एंटीजन टेस्ट किए थे। इनमें कर्मचारी, सुरक्षा कर्मी, होमगार्ड, पीआरडी, चालक व सचिवालय कैंटीन में तैनात अलग अलग करीब 48 कर्मचारियों के टेस्ट कराए गए थे। ये सभी टेस्ट नेगिटिव आए।