पौड़ी में भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री मोहन सिंह रावत गांववासी में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। संक्रमित पाए जाने के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में भर्ती किया गया है। जहां विशेषज्ञ डाक्टरों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है। प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज व टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह ने दूर संचार पर गांववासी की कुशलक्षेम ली।
बृहस्पतिवार को पूर्व मंत्री मोहन सिंह रावत गांववासी स्वास्थ्य परीक्षण कराने जिला चिकित्सालय पौड़ी पहुंचे। उनका रैंडम सैंपल लिया गया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। गांववासी ने बताया कि मेडिकल कालेज में डाक्टरों की टीम की निगरानी में स्वास्थ्य लाभ ले रहा हूं। उन्होंने कुछ दिनों पहले संपर्क में आए सभी लोगों से कोरोना जांच कराए जाने की अपील भी की।
कोरोना जांच के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में सेना भर्ती के इच्छुक अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान कॉलेज के सुरक्षा कर्मियों और पुलिस को व्यवस्था बनाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं, जिला प्रशासन के निर्देश पर कॉलेज ने साफ कर दिया है कि सिर्फ उन्हीं अभ्यर्थियों की आरटीपीसीआर जांच होगी, जिनमें संक्रमण के लक्षण हों।
20 दिसंबर से कोटद्वार मेें सेना भर्ती शुरू होनी है। सेना की ओर से भर्ती के इच्छुक युवाओं से कोविड-19 रिपोर्ट मांगी जा रही है। इसे देखते हुए मेडिकल कॉलेज से संबद्ध बेस अस्पताल की फ्लू ओपीडी में विभिन्न जिलों से युवा जांच के लिए पहुंच रहे हैं।
शुक्रवार को बेस अस्पताल में लगभग 300 युवा पहुंच गए। युवाओं को लाइन में लगाने के लिए सुरक्षा कर्मी और पुलिस लगानी पड़ी। इधर, अभ्यर्थियों की कोविड जांच के संबंध में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीएम रावत की अध्यक्षता में बैठक संपन्न हुई।
बताया गया कि जिन अभ्यर्थियों में संक्रमण के लक्षण नहीं हैं उनकी आरटीपीसीआर जांच नहीं होगी। उन्हें फ्लू ओपीडी मेें नियुक्त चिकित्साधिकारी का मेडिकल सर्टिफिकेट मान्य होगा।
इसके लिए सेना की ओर से फार्मेट दिया गया है। जिन अभ्यर्थियों में लक्षण दिखाई दे रहे हो, उनकी कोविड जांच होगी। प्राचार्य प्रो. सीएम रावत ने सैंपल लेने के बाद समय पर जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) में कार्यरत दो जेई और एक सुपरवाइजर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। तीन लोगों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के कारण एमडीडीए दफ्तर को शनिवार को पूरी तरह से बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
एमडीडीए उपाध्यक्ष रणवीर सिंह चौहान ने तीनों लोगों के संपर्क में आने वाले सभी कर्मचारियों और अधिकारियों से अपील की है कि जो भी विगत एक हफ्ते में इनके संपर्क में आए हो वह उन्हें अवगत करा दें। वह सेल्फ क्वारंटीन हो सकते हैं।
साथ ही उन्होंने एमडीडीए के सभी कर्मचारियों की थर्मल स्क्रीनिंग अनिवार्य रूप से करने के भी आदेश दिए हैं। सुरक्षा के लिहाज से शनिवार को एमडीडीए कार्यालय को पूर्ण रूप से सैनिटाइज किया जाएगा। इसके कारण शनिवार को कार्यालय पूर्ण रूप से बंद रहेगा।