हरिद्वार में अनलॉक पांच में लोग कोरोना महामारी को हल्के में लेने की भूल कर बैठे हैं। जुर्माने के प्रावधान के बावजूद लोग सार्वजनिक स्थानों पर मास्क का प्रयोग नहीं कर रहे हैं। पुलिस भी मास्क की अनिवार्यता के अनुपालन को लेकर सख्ती नहीं बरत रही है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर संक्रमण के फैलने का खतरा बना हुआ है।
हरिद्वार में लोग बिना मास्क पहने बेखौफ घूम रहे हैं। जिलाधिकारी और एसएसपी के निर्देश के बाद भी पुलिस मास्क न पहनने वालों पर कार्रवाई नहीं कर रही है। जबकि बिना मास्क घूमने वाले लोगों पर पहली बार 200 और दूसरी बार 500 रुपये के जुर्माने का प्रावधान है, लेकिन लोग सार्वजनिक स्थलों पर बिना मास्क के नजर आ रहे हैं।
वहीं अधिकांश लोग औपचारिकता भर के लिए केवल मास्क से मुंह को ही ढक रहे हैं। हरिद्वार प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग संयुक्त प्रयासों से बीते दिनों के मुकाबले कोरोना का संक्रमण कुछ थमा है, लेकिन अब लोगों के सार्वजनिक स्थानों पर मास्क न पहनने से स्थानीय स्तर पर कोरोना संक्रमण का खतरा मंडरा रहा है। इससे प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की कोरोना संक्रमण के नियंत्रण के लिए की गई मेहनत पर पानी फिर सकता है।