स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार हरिद्वार, देहरादून, ऊधमसिंह नगर, उत्तरकाशी और चंपावत जिले में कुल 330 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। हरिद्वार जिले में 301 कंटेनमेंट जोन में रुड़की में 114, हरिद्वार में 160, भगवानपुर में 17, लक्सर में 10 इलाके पाबंद किए गए हैं।
देहरादून में 13 कंटेनमेंट जोन हैं। इनमें देहरादून में चार, चकराता में एक, विकासनगर में सात, रायवाला में एक कंटेनमेंट जोन है। ऊधमसिंह सिंह जिले में 11 जोन में खटीमा में चार, रुद्रपुर में सात, उत्तरकाशी जिले में चार जोन में भटवाड़ी में तीन, मोरी में एक और चंपावत जिले के टनकपुर में एक इलाके को पाबंद किया गया है।
एक जुलाई को प्रदेश में 93 कंटेनमेंट जोन घोषित किए गए थे, लेकिन कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने से सरकार ने सभी जिलों को माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाकर सर्विलांस और सैंपलिंग करने के निर्देश दिए हैं। कंटेनमेंट जोन में आवश्यक सेवाओं को छोड़कर बाकी सभी तरह की गतिविधियों और लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध है।
रुड़की में क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (सीआईयू) में तैनात एक सिपाही की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सिपाही को कोविड सेंटर में भर्ती कराया गया है।
एहतियात के तौर पर पूरे सीआईयू ऑफिस को सैनिटाइज कर पाबंद कर दिया गया है। साथ ही इंचार्ज समेत सात लोगों को क्वारंटीन कर इनके सैंपल लेकर जांच को भेजने की तैयारी की जा रही है। वहीं, रुड़की में चार और लोगों में कोरोना पुष्टि हुई है। सभी संक्रमितों को कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है।
भगवानपुर थाने के सात पुलिसकर्मियों के संक्रमितों होने के बाद सभी पुलिसकर्मियों की कोरोना जांच हो रही है। सोमवार को कोरोना ने सीआईयू के तहसील परिसर स्थित दफ्तर में दस्तक दे दी। सीआईयू में तैनात एक सिपाही की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से ऑफिस में हड़कंप मच गया।
एहतियात के तौर पर एसओजी ऑफिस को सैनिटाइज कर कुछ दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। सिपाही को रुड़की के कोविड सेंटर में भर्ती कर सीआईयू प्रभारी नंदकिशोर बचकोटी समेत स्टाफ के सात लोगों को भी क्वारंटीन कर दिया गया है।
एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि बाकी के स्टाफ की भी मंगलवार को सिविल अस्पताल में सैंपलिंग होगी। वहीं, रुड़की में चार और लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। विभाग ने चारों को कोविड सेंटर में भर्ती करा संपर्क में आने वालों को चिह्नित कर रहा है।
दबिश में गया था सिपाही
सीआईयू के जिस सिपाही में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है, वह पिछले दिनों हरियाणा में एक इनामी को पकड़ने के लिए कई बार दबिश में गया था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि सिपाही इस दौरान किसी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आया होगा। एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि आशंका है कि सिपाही दबिश के दौरान संक्रमित हुआ है। उसके संपर्क में आने वालों को चिह्नित किया जा रहा है।
सार्वजनिक स्थानों पर मास्क न पहनने पर सोमवार को देहरादून में 225 लोगों का चालान किया गया। जिला सूचना कार्यालय के अनुसार सोमवार को हवाई सेवा के माध्यम से 298 लोग जौलीग्रांट पहुंचे, जिन्हें स्वास्थ्य जांच के बाद जिले में ही क्वारंटीन किया गया है।
जौलीग्रांट एयरपोर्ट से अलग-अलग प्रदेशों के लिए 209 लोगों को रवाना किया गया। देहरादून रेलवे स्टेशन से दिल्ली के लिए 234 लोग रवाना हुए। शासकीय विभाग से दून मेडिकल कॉलेज के उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रविंद्र सिंह बिष्ट को कोरोना वॉरियर चुना गया।