कोरोना से जंग में मदद के लिए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) से जुड़े डॉक्टर और पदाधिकारी भी आगे आए हैं। आईएमए की ओर से अस्पतालों में भर्ती मरीजों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही कोरोना वॉरियर्स को मास्क और सैनिटाइजर मुहैया कराए जा रहे हैं।
आईएमए के अध्यक्ष डॉ. अमित सिंह की अगुवाई में एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारियों और डॉक्टरों की ओर से कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती मरीजों के लिए पानी की एक हजार बोतल मुहैया कराई गईं। अमृतसर आई क्लीनिक के निदेशक डॉ. दिनेश शर्मा की ओर से नगर निगम के कोरोना वारियर्स के लिए 10 हजार मास्क और आठ सौ सैनिटाइजर व पानी की एक हजार बोतलें मुहैया कराई गईं। सीएमआई अस्पताल के डॉ. महेश कुड़ियाल की ओर से मरीजों के परिजनों को मुफ्त भोजन मुहैया कराया जा रहा है।
डॉ. ससेन्द्र सक्सेना की ओर से एक हजार पानी की बोतलें मुहैया कराई गई हैं। आईएमए अध्यक्ष डॉ. अमित सिंह का कहना है कि ई-संजीवनी पोर्टल के जरिए आईएमए से जुड़े 25 विशेषज्ञ फोन के जरिए संक्रमित मरीजों को इलाज के साथ ही तमाम लोगों को बचाव की जानकारी दे रहे हैं। अब तक हजारों लोगों को निशुल्क परामर्श दिया जा चुका है।