पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के गांव खैरासैण निवासी व मुख्यालय पौड़ी के विद्या मंदिर तिमली में सेवारत कोरोना संक्रमित एक शिक्षक की मौत हो गई है। वे संक्रमित होने के बाद से विद्यालय परिसर में ही आइसोलेट थे। 27 अप्रैल को स्वास्थ्य बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां से उन्हें मेडिकल कालेज श्रीनगर रेफर किया गया। लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही शिक्षक ने दम तोड़ दिया।
शुगर मिल के संक्रमित सिविल इंजीनियर की मौत
लक्सर में शुगर मिल के कोरोना संक्रमित सिविल इंजीनियर की मौत हो गई। कारखाना प्रबंधक अजय कुमार खंडेलवाल ने बताया कि मिल में हरिद्वार निवासी चंद्र चड्ढा सिविल इंजीनियर के पद पर कार्य करते थे। कई दिन पहले उनकी अचानक तबीयत खराब हुई थी। डॉक्टरों ने उनमें कोरोना की पुष्टि की थी, बृहस्पतिवार देर रात उनका निधन हो गया। उनके निधन पर शुगर मिल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने दो मिनट की शोक सभा कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।