प्रदेश में 18 से 45 आयु वर्ग को कोविड टीका लगाने के लिए सरकार ने मुख्यमंत्री राहत कोष से 100 करोड़ की राशि जारी कर दी है। वित्त विभाग की ओर से यह राशि स्वास्थ्य महानिदेशक को जारी की गई है।
अपर सचिव वित्त अरुणेंद्र सिंह चौहान की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्रदेश में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए 18 से 45 आयु वर्ग के लोगों को टीका लगाया जाना है। सरकार ने इस आयु वर्ग के 50 लाख लोगों को मुफ्त में टीका लगाने का निर्णय लिया है। वित्त विभाग ने कोविड वैक्सीन खरीदने के लिए स्वास्थ्य विभाग को मुख्यमंत्री राहत कोष से 100 करोड़ की राशि जारी कर दी है।
18 से 45 आयु वर्ग के लोगों को टीके लगाने के लिए सरकार को केंद्र को 122108 कोविशील्ड और 42370 कोवैक्सीन की डोज की मांग भेजी है। केंद्र से वैक्सीन मिलने का इंतजार है। जिसके बाद ही प्रदेश में इस आयु का टीकाकरण अभियान शुरू हो पाएगा।
सेवा इंटरनेशनल संस्था ने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को मंगलवार को पांच ऑक्सीजन कंसंट्रेटर भेंट किए। साथ ही ऑक नार्थ कंपनी ने मुख्यमंत्री को 100 ऑक्सीजन सिलिंडर दिए। मुख्यमंत्री ने दोनों संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।
बुधवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के सभागार में सेवा इंटरनेशनल संस्था की ओर से मुख्यमंत्री को ऑक्सीजन कंसंट्रेटर प्रदान किए गए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मुश्किल का समय है। हम सभी को मिलकर काम करना है। उन्होंने कहा कि सरकार कोविड को लेकर युद्धस्तर पर कार्य कर रही है। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के डॉ.यशवीर दीवान ने बताया कि इन कंसंट्रेटर का उपयोग अस्पताल में मरीजों के इलाज में किया जाएगा।
इस अवसर पर सेवा इंटरनेशनल के वरिष्ठ कार्यक्रम प्रबंधक तनुज पुंडीर, शशांक नेगी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने 100 ऑक्सीजन सिलिंडर देने पर ऑक नार्थ कंपनी के सीईओ ऋषि खोसला का भी आभार व्यक्त किया है।