प्रदेश में कोरोना संक्रमितों के बढ़ने और नए वेरिएंट की रोकथाम के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। प्रशासन के निर्देश पर उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड की सीमा कौड़िया चेकपोस्ट पर बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों को रोका जा रहा है। राजस्व विभाग के कर्मचारी लोगों की एंट्री कर रहे हैं और स्वास्थ्य विभाग की टीम लोगों की आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल ले रही है।
रविवार को शासन के अलर्ट होते ही एसडीएम कोटद्वार ने कौड़िया बैरियर पर बाहरी राज्य से आने वाले वाहनों को रोकर उनकी थर्मल स्क्रीनिंग और आरटीपीसीआर के निर्देश जारी किए। सोमवार सुबह से कौड़िया बैरियर पर पुलिस कर्मियों की तैनाती कर दी गई। पुलिस कर्मियों ने उत्तराखंड के वाहनों को छोड़कर दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान आदि बाहरी राज्यों के वाहनों को नंबर के आधार पर रोका।
लोगों से कोरोना वैक्सीन लगने और बुखार आदि की जानकारी ली। इसके बाद लोगों के नाम, कहां से आए, कहां जाना है और फोन नंबर आदि की जानकारी नोट की। इसके बाद लोगों के आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल लिए। चेक पोस्ट पर अचानक से हुई चेकिंग का बाहरी राज्य से आने वाले कई लोगों ने विरोध जताया। लोगों ने कहा कि दिल्ली-बिजनौर कहीं भी उनको रोका नहीं गया, लेकिन यहां रोका जा रहा है। लेकिन, पुलिस कर्मियों ने उच्चाधिकारियों के निर्देशों का हवाला देते हुए बाहरी राज्य के लोगों के वाहनों को जबरन रोक दिया।
जिले में कोरोना संक्रमितों के बढ़ते मामलों को देेखते हुए कौड़िया में बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों की चेकिंग और आरटीपीसीआर सैंपल लेने के निर्देश दिए गए हैं।
- संदीप कुमार, एसडीएम कोटद्वार