18 अक्तूबर के बाद कोरोना टीके की दूसरी डोज लगाने वालों के लिए 23 अक्तूबर को पहला साप्ताहिक लकी ड्रॉ आयोजित किया जाएगा। परेड मैदान में आयोजित होने वाले ड्रॉ में प्रतिभागियों के पास कई आकर्षक उपहार जीतने का मौका है। इसमें शामिल होने के लिए लोग विभिन्न स्थलों पर कोरोना टीके की दूसरी डोज लगवा सकते हैं।
जिलाधिकारी व स्मार्ट सिटी परियोजना के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. आर राजेश कुमार ने बताया कि जिले में दो नंबर तक वैक्सीनेशन मेला आयोजित किया जा रहा है। दूसरी डोज लेने वालों को कूपन दिए जा रहे हैं, जिनके आधार पर साप्ताहिक और मेगा लकी ड्रॉ के विजेता चुने जाएंगे।
उन्होंने बताया कि कई स्वयं सेवी संगठनों, व्यापारी संगठनों, जनप्रतिनिधियों के माध्यम से लोगों से कोरोना की दूसरी डोज लगाने की अपील की जा रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहार का मजा तभी है, जब दूसरा डोज लगा हो। उन्होंने अब तक टीकाकरण से छूटे सभी लोगों से पंजीकरण में सहयोग की अपील की।