अब लोगों से फोन पर संपर्क कर रहे स्वास्थ्यकर्मी
रुड़की में कोरोना टीकाकरण महाअभियान में स्वास्थ्य विभाग के लक्ष्य के बीच दूसरी डोज नहीं लगवाने वाले लोग बाधा बने हुए हैं। ऐसे में इस बाधा को दूर करने के लिए अब स्वास्थ्य कर्मी इन लोगों से फोन पर संपर्क कर इन्हें वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इसके लिए सिविल अस्पताल के रैन बरेसे में कॉल सेंटर खोलकर स्वास्थ्यकर्मी एक-एक व्यक्ति को कॉल कर रहे हैं।
कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के बीच स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन का पूरा फोकर टीकाकरण पर हो गया था। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग को 25 दिसंबर तक हर हाल में कोरोना टीकाकरण को सौ फीसदी पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए विगत छह से आठ दिसंबर को टीकाकरण महाअभियान भी शुरू किया गया था। इसमें हर दिन पांच हजार लोगों को वैक्सीन लगाए जाने का लक्ष्य दिया गया था, लेकिन विभाग 40 से ज्यादा केंद्र खोलने के बावजूद प्रतिदिन आधे से भी कम लक्ष्य हासिल हो सका।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शहर में 18 वर्ष से ज्यादा वाले लोगों की संख्या के अनुसार 99 फीसदी लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। जबकि करीब 40 हजार ऐसे लोग हैं, जिन्हें पहली डोज लग चुकी है और दूसरी डोज का समय भी निकल चुका है। इनमें से करीब दस हजार ऐसे लोग हैं, जो शहर से बाहर के हैं। जबकि 30 हजार स्थानीय लोग हैं।
दूसरी डोज नहीं लगवाने से ये लोग स्वास्थ्य विभाग के लक्ष्य के बीच में बाधा बन रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने ऐसे लोगों से संपर्क करने के लिए अभियान शुरू किया है। सीएमएस डॉ. संजय कंसल ने बताया कि अब लोगों से संपर्क कर उन्हें दूसरी डोज के लिए प्रेरित किया जा रहा है ताकि 25 दिसंबर से पहले लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।