राज्य में कोविड काल को 72 सप्ताह 31 जुलाई को पूरे हो चुके हैं। 71वें (18 से 24 जुलाई) सप्ताह में संक्रमितों की संख्या 240 थी। जबकि 72वें सप्ताह (25 से 31 जुुलाई) में संख्या बढ़कर 466 हो गई। यानी गत सप्ताह की तुलना में 72वें हफ्ते में 94 प्रतिशत केस बढ़ गए। संख्या की दृष्टि से ये आंकड़े बेशक बहुत छोटे हैं, लेकिन यह एक तरह से खतरे की घंटी है और इसे देखते हुए संभलने की जरूरत है।
एसडीसी फाउंडेशन का कहना है कि सरकार ने हर दिन 40 हजार टेस्ट करने का लक्ष्य निर्धारित किया था लेकिन कुल टेस्टिंग पिछले डेढ़ महीने से साप्ताहिक आंकलन के आधार पर निर्धारित लक्ष्य से 35 से 43 प्रतिशत कम हो रही है। कोविड संक्रमण के 72वें सप्ताह में निर्धारित लक्ष्य के हिसाब से 2.80 लाख लोगों का टेस्ट किया जाना था। जबकि 1.83 लाख टेस्ट ही किए। जो लक्ष्य से 35 प्रतिशत कम है। टेस्टिंग और वैक्सीनेशन के साथ ही माइक्रो कंटेनमेंट जोन की तरफ भी ध्यान देने की आवश्यकता है।