उत्तराखंड में खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री बंशीधर भगत ने कहा है कि कोरोना आपदा में जरूरी दवाओं और उपकरणों की कालाबाजारी हरगिज बर्दाश्त नहीं होगी। भगत ने ऐसे लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि कालाबाजारी करने वालों पर नजर रखी जा रही है। इसके लिए प्रशासन को सख्त निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई जरूरी दवाओं या उपकरणों की जमाखोरी या कालाबाजारी करते पकड़ा गया तो उस पर आपदा एक्ट में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भगत ने कहा कि ऐसी खबरें आई हैं कि कोरोना संकट में रेमडेसिविर इंजेक्शन, ऑक्सीमीटर जैसे उपकरणों व दवाओं की कालाबाजारी हो रही है। जिससे बाजार में इनकी किल्लत है और जरूरतमंद की जेब पर डाका पड़ रहा है। भगत ने कहा कि इन बातों का त्वरित संज्ञान लेते हुए प्रशासन को सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। ऐसे लोगों पर पैनी नजर रखी जा रही है। यदि कोई पकड़ा जाता है तो उस पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उत्तराखंड: पहाड़ों में बेकाबू होता जा रहा कोरोना, बीते एक हफ्ते में मिले 12521 संक्रमित मरीज
भगत ने कहा कि कोरोना कर्फ्यू में कई आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में अचानक बढ़ोतरी की खबरें सुनने में आई हैं। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि जनता को इस संकट में किसी तरह की मुसीबत न हो। इसके लिए बाजारों में तय मूल्यों पर जरूरी सामान उपलब्ध कराया जा रहा है। यदि कोई दुकानदार मनमर्जी के दाम वसूल करता है, तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। दुकानदार का लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है।
उत्तराखंड में कोरोना: 24 घंटे में रिकॉर्ड 9642 नए संक्रमित मिले, 137 की मौत, एक्टिव केस 67 हजार पार
भगत ने जनता से अपील करते हुए कहा कि कोरोना के खतरे को देखते हुए बेवजह घरों से बाहर न निकलें। अगर घरों से निकलना आवश्यक हो तो भी दो गज की दूरी बनाए रखें और हाथों को बार-बार सेनेटाइज करते रहें। हमेशा मास्क का प्रयोग करें। सावधानी बरतकर ही कोरोना से मुकाबला किया जा सकता है।
मंत्री भगत के बयान पर कांग्रेस का पलटवार स्वास्थ्य सेवाओं की चिंता करने की नसीहत
मंत्री बंशीधर भगत के शमशान घाट को मूलभूत सुविधाओं से लैस करने संबंधी बयान पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया जताई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा है कि भाजपा के बंशीधर भगत जैसे कद्दावर नेता ऑक्सीजन सिलेंडर, आईसीयू बेड और वेंटिलेटर्स की चिंता करते हुए दिखाई पड़ते तो ज्यादा बेहतर होता। इस वक्त लोगों की जान बचाना ज्यादा जरूरी होना चाहिए । इसके उलट भगत शमशान घाट में मूलभूत सुविधाओं की बात करते नजर आ रहे हैं।
प्रीतम सिंह ने बंशीधर भगत के इस बयान की निंदा करते हुए कहा कि इससे राज्य सरकार और उसके मंत्रियों के फोकस का पता चलिता है। मुख्यमंत्री की ओर से किए जा रहे उद्घाटनों पर भी प्रीतम सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। प्रीतम सिंह ने कहा कि अभी लोगों की जान बचाने का वक्त है। पब्लिसिटी के लिए और रिबन काटने के लिए सरकार को बहुत और मौके मिल जाएंगे। इस संवेदनशील और नाजुक दौर में सरकार और मुख्यमंत्री को लचर पड़ी व्यवस्थाएं ठीक करने में लगाना चाहिए और इस तरह के आयोजनों और आडंबरों में समय नष्ट करने से बचना चाहिए।