प्रदेश में कोरोना संक्रमण केे मामलों में गिरावट आने के बाद कंटेनमेंट जोन भी धीरे-धीरे कम हो रहे हैं। प्रदेश के 30 इलाके कंटेनमेंट जोन से बाहर हो गए हैं। संक्रमित मामलों के आधार पर छह जिलों में 82 कंटेनमेंट जोन वर्तमान में है।
राज्य में कोरोना संक्रमित मामले बढ़ने के साथ ही प्रदेश में कंटेनमेँट जोन की संख्या 112 तक पहुंच गई थी, लेकिन अब संक्रमित मामलों में कमी आने से कंटेनमेंट जोन भी कम हो गए हैं। वर्तमान में हरिद्वार जिले में सबसे अधिक 61 कंटेनमेंट जोन है।
जबकि देहरादून में इनकी संख्या घटकर छह हो गई है। ऊधमसिंह नगर जिले में चार, टिहरी में पांच, उत्तरकाशी में चार और नैनीताल जिले में दो कंटेनमेंट जोन है। बता दें कि कंटेनमेंट जोन में आवश्यक सेवाओं को छोड़कर बाकी सभी तरह की गतिविधियों और लोगों के आवाजाही पर रोक है।
टिहरी जिले के लिए ये राहत की खबर है। अब कोरोना संक्रमण का कोई भी एक्टिव केस नहीं है। कोविड केयर सेंटर से सभी मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। रविवार को डीएम ने कुट्ठा गांव के दो लोगों के होम क्वारंटीन का पालन न करने पर उन्हें बौराड़ी स्थित होटल में संस्थागत क्वारंटीन कराया।
टिहरी जिले में कुल 421 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई थी। दो लोगों की मौत हो गई थी। सभी कोरोना पॉजिटिव लोगों को कोविड केयर सेंटर सुरसिंगधार में आइसोलेट किया गया था, लेकिन अब सभी लोग स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं। एडीएम शिवचरण द्विवेदी ने बताया कि रविवार को जिले में कोई भी कोरोना पॉजिटिव केस नहीं मिला है।
जिले में भिलंगना ब्लॉक में सर्वाधिक 185 लोगों में कोरोना के लक्षण मिले थे, जबकि जाखणीधार में 41, प्रतापनगर और देवप्रयाग में 39-39, थौलधार 36, चंबा 32, जौनपुर 24, नरेंद्रनगर 15 और कीर्तिनगर में आठ पॉजिटिव केस मिले थे। प्रतापनगर और देवप्रयाग ब्लॉक में अन्य राज्यों से आए एक-एक संक्रमिक की मौत हुई थी। वर्तमान तक 4232 लोगों की सैंपलिंग हुई, जिनमें से 3235 की रिपोर्ट निगेटिव मिली। अभी भी 267 सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है। 964 लोग संस्थागत और 2354 लोग होम क्वारंटीन में रखे गए हैं।
डीएम मंगेश घिल्डियाल ने कुट्ठा पहुंचकर क्वारंटीन सेंटरों का निरीक्षण किया। कहा कि क्वारंटीन संबंधी जानकारी देने के लिए मोबाइल नंबर 7983340807 जारी किया गया है, जिस पर कोई भी व्यक्ति सूचना दे सकते हैं। उन्होंने आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को होम क्वारंटीन का पालन न करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाने के निर्देश दिए।
जयहरीखाल ब्लॉक के एक गांव की निवासी पांच महीने की बच्ची कोरोना से जंग जीतकर स्वस्थ हो गई है। शनिवार को बेस अस्पताल कोटद्वार से बच्ची अपने माता-पिता के साथ घर लौट गई है। बेस अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. वीसी काला की अगुवाई में मेडिकल टीम ने बच्ची को विदाई दी।
गत 16 जून को नोएडा से लौटा बच्ची का परिवार गांव के क्वारंटीन सेंटर में रह रहा था। 22 जून को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डाडामंडी की मेडिकल टीम यहां से रैंडम सैंपलिंग कर ले गई थी।
इसमें उसके माता-पिता की रिपोर्ट तो निगेटिव आई, लेकिन पांच महीने की बच्ची की रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। बच्ची की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर जयहरीखाल के चिकित्साधिकारी डॉ. पुंकेश कुमार ने इसकी सूचना बेस अस्पताल को दी। तब से बच्ची का उपचार बेस अस्पताल में चल रहा था।