कोरोना संकट और लोगों की मजबूरियों का कुछ लोग फायदा उठाने से नहीं चूक रहे हैं। शुक्रवार को एक अलग ही मामला सामने आया है। आरोपी ने जरूरतमंद को प्लाज्मा उपलब्ध कराने के नाम पर 2500 रुपये ऐंठने की कोशिश की। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
चौकी आराघर पर शुक्रवार को कार्तिक पुत्र मुन्ने सिंह निवासी बलवीर रोड डालनवाला ने लिखित तहरीर दी। बताया कि उनकी माता कोरोना पॉजिटिव हैं। जो गंभीर हालात में दून अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं।
डॉक्टरों ने उन्हें प्लाज्मा की आवश्यकता बताई है। प्लाज्मा के लिए उसने कई अस्पतालों में संपर्क किया, लेकिन प्लाज्मा नहीं मिला। इसके बाद अपने फोन नंबर से प्लाज्मा के लिए एक मैसेज बनाकर सोशल मीडिया पर डाला। इसके बाद उनके नंबर पर एक कॉल आई। जिसने खुद का नाम गुरु साजन सिंह बताया। कहा कि वह उसे प्लाज्मा उपलब्ध करा सकता है। इसके लिए उसे गूगल पे पर 2500 रुपये डालने होंगे।
इसके बाद आरोपी के गूगल पे पर 300 रुपये डाल दिए, लेकिन उसने प्लाज्मा उपलब्ध नहीं कराया। इसके बाद से वह उसे लगातार पैसों के लिए कॉल कर रहा है। यहीं नहीं उसने सोशल मीडिया पर बनाए गए मैसेज में उसका नंबर हटाकर अपना नंबर डाल दिया है और सोशल मीडिया में इधर-उधर मैसेज भेज रहा है और लगातार पैसों की मांग कर रहा है। शिकायत के बाद चौकी प्रभारी आराघर के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया और आरोपी को तहसील चौक से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान गुरु साजन सिंह बख्शी पुत्र हरजीत सिंह बख्शी निवासी मन्नूगंज के रूप में हुई हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के साथ ही महामारी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
कोरोना संकट में कुछ लोग जरूरतमंदों के साथ धोखाधड़ी कर रहे हैं। ऐसे गैंग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जल्द ही इस प्रकार के लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में ली जाएगी।
-डॉ. योगेद्र सिंह रावत, एसएसपी