हरिद्वार में भाजपा की ओर से आयोजित राशन वितरण कार्यक्रम में शामिल एक युवक के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद प्रशासन ने कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक के भाई मुकेश कौशिक समेत 28 भाजपाइयों को होम क्वारंटीन करने का निर्णय लिया है। इसमें एक साध्वी और एक संत भी शामिल हैं। 25 मई को भाजपा ने रामलीला भवन में राशन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया था।
इस कार्यक्रम में एक ऐसा युवक भी शामिल हुआ जिसका सैंपल लेने के बाद उसे होम क्वारंटीन किया गया था। 26 मई को आई रिपोर्ट में यह युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इस कार्यक्रम मे कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक भी कुछ देर के लिए गए थे। कार्यक्रम में कोरोना पॉजीटिव के पहुंचने की बात को लेकर सरकारी मशीनरी हरकत में आ गई थी।
यह भी पढ़ें:
Uttarakhand: संक्रमित युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज, क्वारंटीन का उल्लंघन कर भाजपा के कार्यक्रम में हुआ था शामिल
दो दिन तक चली जांच पड़ताल के बाद एलआईयू व हरिद्वार कोतवाली पुलिस ने 28 चेहरों को चिन्हित कर उनके नाम पते बाकायदा जिला प्रशासन को सौंप दिए हैं। एसएसपी सेंथिल अबूदई कृष्णराज एस ने बताया कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी लोगों के नामों की सूची जिलाधिकारी को सौंप दी गई है। जिलाधिकारी सी रविशंकर ने बताया कि संक्रमित युवक के संपर्क में आने वाले लोगों की सूची मिल गई है। स्वास्थ्य विभाग को इनको होम क्वारंटीन करने के निर्देश दे दिए हैं।
सूची में ये नाम है शामिल
साध्वी विश्वेश्वरी देवी, चिन्मयानंद बापू, मुकेश कौशिक, जिला महामंत्री विकास तिवारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष सप्तऋषि वीरेंद्र तिवारी, महामंत्री तरुण नैयर, स्वामी देवानंद महाराज, दिनेश पांडे, पार्षद ललित रावत, अनिल मिश्रा, अनिल वशिष्ठ, मोहित, राहुल शर्मा, सौरभ शर्मा, विकल राठी, दीपक शर्मा, विकास कुमार, कमल बृजवासी, विरेंद्र चड्ढा, पूनज मखीजा, सुमित श्रीकुंज, पिंटू उर्फ मनोज शर्मा, अनिल ठाकुर, प्रदीप कालरा, बलकेश राजौरिया, चंद्राकांत पांडे, पांत्री, सुनील मिश्रा शामिल हैं।