उत्तरकाशी में विदेशों से लौटे 39 प्रवासी उत्तरकाशी जिले में कोरोना वायरस संक्रमण के भय से दुनिया के विभिन्न देशों से 39 प्रवासी अपने घर लौट चुके हैं। इनके अलावा देश के विभिन्न प्रांतों से भी करीब ढाई हजार लोग उत्तरकाशी स्थित अपने गांवों में लौटे हैं।
कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने इन सभी लोगों को चिह्नित किया है, साथ ही इनकी मॉनीटरिंग की जा रही है। जिले में प्रवेश से पूर्व इन सभी लोगों का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया, जिसमें किसी भी प्रवासी में कोरोना का कोई लक्षण नहीं पाया गया। एहतियातन इन सभी लोगों को अपने घरों में ही होम स्वारंटीन में रहने की हिदायत दी गई है।
चमोली में विदेश से लौटे 19 प्रवासी होम क्वारंटीन में
चमोली जिले में लगभग 1200 ग्रामीण अपने गांव लौट आए हैं। 57 लोग दूसरे देशों से लौटे हैं, इनमें 19 ग्रामीणों को होम क्वारंटीन में रखा गया है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश में प्राइवेट नौकरी कर रहे देवाल, थराली, नारायणबगड़, कर्णप्रयाग और दशोली ब्लाक के कई युवा अपने घरों को लौटे हैं, प्रशासन की ओर से उन्हें भी होम क्वारंटीन के लिए कहा गया है। प्रशासन ने ऐसे लोगों की सूची भी तैयार की है।