वहीं, सिविल अस्पताल में दो मरीज शुक्रवार को खुद खांसी-जुकाम की शिकायत लेकर पहुंचे। जांच के बाद उनको संदिग्ध मानते हुए विशेष वार्ड में भर्ती कर दिया है। इनमें एक कानपुर और दूसरा केरल से लौटा है।
दोनों के खून के नमूने जांच के लिए भेज दिए गए हैं। सीएमएस संजय कंसल ने कहा कि कोरोना से निपटने के लिए सिविल अस्पताल में विशेष वार्ड बनाया गया है। डॉक्टरों को इलाज के लिए सुरक्षित ड्रेस भी उपलब्ध करा दी गई है। इस वार्ड में 40 बिस्तर हैं, जिन्हें जरूरत पड़ने पर बढ़ाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि हम संक्रमण नियंत्रण की सभी प्रक्रियाओं का पालन कर रहे हैं। संदिग्ध मामलों को देखते हुए सुरक्षात्मक उपकरणों का प्रयोग कर रहे हैं। फिलहाल मरीजों के तीमारदारों और रिश्तेदारों को मिलने से रोक रहे हैं। जरूरत है तो संक्रमणरोधी ड्रेस पहनाकर ही मिलने दिया जा रहा है।
‘कॉग्निजेंस’ रद्द, छात्र ऑनलाइन ले रहे क्लास
आईआईटी प्रशासन ने कोरोना के मद्देनजर 27 मार्च को प्रस्तावित तकनीकी महोत्सव ‘कॉग्निजेंस’ 2020 को रद्द कर दिया है। इसमें देशभर के विभिन्न संस्थानों के हजारों छात्रों को शामिल होना था। तीन दिवसीय महोत्सव में सैकड़ों इवेंट होते हैं। वहीं, आईआईटी में कक्षाएं नहीं चलने के कारण सभी विभागाध्यक्षों को हॉस्टल में ही छात्रों को ऑनलाइन लेक्चर, वीडियो और स्टडी मैटेरियल के जरिये पढ़ाई कराने के निर्देश दे दिए गए हैं।