हरिद्वार के एक होटल से आज सुबह स्वास्थ्य विभाग की टीम एक फ्रांसीसी महिला और पुरुष को अपने साथ ले गई। बताया गया कि उक्त दो यात्री आठ मार्च को भारत आए थे। रविवार की रात को हरिद्वार में रुके तो जांच के दौरान इनमें खांसी जुकाम की शिकायत मिली।
जिस पर सीएमओ डॉक्टर सरोज नैथानी में दोनों को रोशनाबाद में बनाए गए स्पेशल वार्ड में भर्ती कराया है। उन्होंने बताया कि ठीक न होने तक इन्हें वार्ड में ही भर्ती रखा जाएगा। इसके साथ हरिद्वार के एक अन्य निवासी युवक को भी उसी वार्ड में रखा गया है।
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने शासन के उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर गृह विज्ञान, संस्कृत, अर्थशास्त्र और असिस्टेंट प्रोफेसर राजनीति शास्त्र के रिक्त पदों पर होने वाले साक्षात्कार को कोरोना महामारी के चलते स्थगित कर दिया गया है।
आयोग प्रशासन ने कोरोना के प्रति गंभीरता को दिखाते हुए आज से तीन दिनों तक चलने वाली असिस्टेंट प्रोफेसर राजनीति शास्त्र की साक्षात्कार परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है।
आयोग में असिस्टेंट प्रोफेसर-गृह विज्ञान के साक्षात्कार 20 मार्च, संस्कृत के साक्षात्कार 30 से 31 मार्च, अर्थशास्त्र के साक्षात्कार एक एवं तीन अप्रैल और असिस्टेंट प्रोफेसर-राजनीति शास्त्र के रिक्त पदों पर साक्षात्कार 17, 18, 19 मार्च को आयोजित किए जाने थे। इसके साथ ही अर्थ एवं संख्याधिकारी के रिक्त पदों पर 27 मार्च को होने वाली साक्षात्कार परीक्षा को भी स्थगित कर दिया गया है।
आयोग ने शासन की ओर से कोरोना वायरस के संबंध में जारी अधिसूचना के आधार पर यह निर्णय लिया है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के सचिव राजेंद्र कुमार की ओर से इस संबंध में वेबसाइट पर सूचना जारी कर दी गई है।