श्रीनगर के कोविड अस्पताल में पिछले 24 घंटे में पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग व टिहरी जिले के चार लोगों की मौत हो गई। चारों कोरोना संक्रमित थे। कोविड अस्पताल के पीआरओ अरुण बडोनी के अनुसार जखोली (रुद्रप्रयाग) निवासी 58 वर्षीय व्यक्ति 4 मई को जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग से रैफर होकर यहां आया था। 6 मई की शाम उसकी कोविड आईसीयू में मौत हो गई।
वहीं, जिला अस्पताल गोपेश्वर में भर्ती गोपेश्वर के 74 वर्षीय बुजुर्ग रैफर होकर 6 मई को कोविड अस्पताल में आए थे। 6/7 मई की मध्य रात्रि उनकी कोविड आईसीयू में मौत हो गई। इसके अलावा डाडामंडी (पौड़ी) की 64 वर्षीय महिला व भल्लेगांव (टिहरी) की 67 वर्षीय महिला की भी मौत हो गई।
सतपुली में युवा व्यापारी की मौत, 15 मई तक बाजार बंद
सतपुली में कोरोना संक्रमित युवा व्यापारी और एक कोरोना संदिग्ध वृद्ध की मौत हो गई। दो लोगों की मौत और आठ लोगों के संक्रमित पाए जाने के बाद व्यापार मंडल सतपुली ने 15 मई तक सतपुली बाजार बंद करने का निर्णय लिया है। इस दौरान कोई भी दुकान नहीं खुलेगी।
सतपुली के युवा व्यवसायी विनोद रावत (48) का कोरोना से एम्स अस्पताल ऋषिकेश में निधन हो गया। वह एक सप्ताह से एम्स में भर्ती थे। शुक्रवार सुबह उनका निधन हो गया। युवा व्यवसायी के निधन पर क्षेत्रीय विधायक व पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, नगर पंचायत अध्यक्ष अंजना वर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष जयदीप नेगी समेत विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों ने शोक जताया। उधर, सतपुली में एक कोरोना संदिग्ध 76 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। वृद्ध में कोरोना के लक्षण पाए जाने के बाद उनका आरटीपीसीआर के लिए सैंपल लिया गया है।
शुक्रवार सुबह उनका निधन होने पर परिजनों ने अंतिम संस्कार के लिए पुलिस से सहायता मांगी। थानाध्यक्ष सतपुली संतोष पैथवाल ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने पीपी किट पहनकर दंगलेश्वर घाट पर मृतक के अंतिम संस्कार में परिजनों की मदद की। व्यापार मंडल अध्यक्ष जयदीप नेगी ने बताया कि बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए 15 मई तक के लिए सतपुली बाजार को संपूर्ण बंद कर दिया गया है।