प्रदेश से जो लोग नौकरी, पढ़ाई, कोरोबार के मकसद से विदेश जाने की तैयारी कर रहे हैं और कोविड वैक्सीन की पहली डोज लगा चुके हैं। उन्हें सरकार ने पहली व दूसरी डोज के बीच की समय अवधि में छूट दी है।
विदेश जाने वालों को 28 दिन बाद दूसरी डोज लग सकेगी। उन्हें मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में विदेश जाने का वीजा व अन्य प्रमाण पत्र दिखाने होंगे। बाकी लोगों के लिए वैक्सीन लगवाने की गाइडलाइन पूर्व की भांति रहेगी।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन निदेशक डा. सरोज नैथानी का कहना है कि विदेश जाने वालों को दूसरी डोज लगाने में समय सीमा में कम किया गया है। ऐसे लोगों को वीजा, पासपोर्ट व अन्य प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने होंगे। जिसके 28 दिन के बाद दूसरी डोज लगा सकते हैं। बाकी लोगों के लिए कोविड वैक्सीन लगाने की गाइडलाइन पहले की तरह रहेगी, जिसमें 84 दिन के बाद वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई जाएगी।
अस्पतालों को शुक्रवार को देना होगा कोविड के दौरान हुई मौतों का ब्योरा
राजधानी के अस्पतालों को कोविड के दौरान हुई मौतों का ब्योरा शुक्रवार को उपलब्ध कराना होगा। जिलाधिकारी ने हिमालयन अस्पताल, एम्स ऋषिकेश, मैक्स अस्पताल, दून अस्पताल, श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल और कैलाश अस्पताल के डॉक्टरों और नोडल अधिकारियों को आज एनसीडीसी फॉर्म पर विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने ब्योरा न देने वाले अस्पतालों को कार्रवाई की चेतावनी भी दी। अधिकारियों की वर्चुअल बैठक लेते हुए उन्होंने कहा कि अब तक 1011 में से 700 डेथ ऑडिट रिपोर्ट मिल चुकी हैं। उन्होंने एसपी सिटी और सीएमओ को समन्वय बनाकर आशारोड़ी, रायवाला, कुल्हाल, दर्रारेट हिमाचल बॉर्डर पर बनाए गए केंद्रों में सैंपलिंग बढ़ाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने सैंपलिंग टीमें बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि वहां जाम की स्थिति न हो और लोगों को अनावश्यक इंतजार भी न करना पड़े।
प्रदेश में कोविड वैक्सीन की कमी के कारण टीकाकरण की रफ्तार कम हो रही है। मई की तुलना में जून में अब तक 12 प्रतिशत कम टीकाकरण हुआ है। प्रदेश में 18 से 44 आयु वर्ग के लिए फिर से टीकों की कमी हो गई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने 70 हजार से अधिक डोज का आर्डर किया है। सरकार को उम्मीद है कि 21 जून के बाद केंद्र से मिलने वाली वैक्सीन में तेजी आने से टीकाकरण की रफ्तार बढ़ेगी।
प्रदेश में 16 जनवरी से कोविड टीकाकरण अभियान शुरू किया गया था। अब तक 27.46 लाख अधिक लोगों को वैक्सीन की पहली खुराक लग चुकी है। जबकि 7.24 लाख से ज्यादा को दूसरी डोज के साथ टीकाकरण पूरा किया गया है। वैक्सीन की कमी के कारण प्रदेश में टीकाकरण की रफ्तार धीमी हो रही है। 1 से 15 अप्रैल को प्रदेश में 7.32 लाख लोगों को वैक्सीन लगी थी। वहीं, मई में इसी समय अंतराल में 5.62 लाख से अधिक लोगों ने टीका लगवाया। जबकि जून में अब तक 4.96 लाख को टीका लग चुका है।
सोशल डेवलपमेंट फार कम्युनिटी फाउंडेशन के अध्यक्ष अनूप नौटियाल का कहना है कि अप्रैल से टीकाकरण में लगातार कमी आ रही है। प्रदेश में मानसून आ चुका है। ऐसे में टीकाकरण कार्य प्रभावित हो सकता है।
यह है स्थिति
महीना टीकाकरण
1 से 15 अप्रैल 732261
1 से 15 मई 562421
1 से 15 जून 496720
शुक्रवार से आईएसबीटी-राजपुर रूट पर दोबारा चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें
देहरादून के आईएसबीटी-राजपुर रूट पर शुक्रवार से इलेक्ट्रिक बसों का संचालन दोबारा शुरू होगा। रोजाना सुबह छह से शाम छह बजे तक पांच बसों का संचालन होगा। इसके बाद सेलाकुई रूट पर भी बसों का संचालन शुरू किया जाएगा।
22 अप्रैल को कोविड कर्फ्यू लगने के कारण दून में सार्वजनिक वाहनों का संचालन बंद हो गया था। अब धीरे-धीरे हालात सामान्य होने पर वाहनों का संचालन दोबारा से शुरू किया जा रहा है।
स्मार्ट सिटी परियोजना की जनसंपर्क अधिकारी प्रेरणा ध्यानी ने बताया कि आईएसबीटी-राजपुर रूट पर शुक्रवार से लोग अत्याधुनिक सुविधाओं युक्त इलेक्ट्रिक बसों में सफर का आनंद ले सकेंगे। बस का पहले चार किमी का किराया 10 रुपये निर्धारित किया गया है। उसके बाद प्रति किमी किराया बढ़ता रहेगा।