कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में शुक्रवार को 200 बेड के क्वारंटीन सेंटर का उद्घाटन किया। क्वारंटीन सेंटर के लिए 100 कमरे जिला प्रशासन को हस्तांतरित कर दिए। कोविड मरीजों को क्वारंटीन सेंटर लाने के लिए एक एंबुलेंस सेवा भी रहेगी। सेंटर में मरीजों को निशुल्क भोजन की सुविधा भी मिलेगी।
क्वारंटीन सेंटर के उद्घाटन पर पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि कोविड-19 महामारी से दुनिया संकट से गुजर रही है। इस संकट में सभी को एक-दूसरे का सहयोग करना है। उन्होंने सभी से मास्क लगाने, शारीरिक दूरी का पालन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कोविड से बचाव के लिए वैक्सीनेशन कराएं। उन्होंने कहा कि प्रेमनगर आश्रम में टीकाकरण सेंटर चलाया जा रहा है। 18 साल से अधिक उम्र के सभी लोग केंद्रों में पहुंचकर टीका लगाएं और कोविड के खिलाफ लड़ाई में भागीदार बनें।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि संकट की घड़ी में मरीजों के लिए ऑक्सीजन प्राणरक्षक बनी है। बिना वजह घरों में ऑक्सीजन सिलिंडर स्टोर न करें। जिला प्रशासन से नकली दवाओं की बिक्री और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी सी रविशंकर ने कहा ग्रामीण क्षेत्रों में भी क्वारंटीन सेंटर बनाए जा रहे हैं। प्रेमनगर आश्रम में क्वांरटीन सेंटर शुरू होने से हरिद्वार शहर के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।