प्रदेश में कोरोना संक्रमण का प्रभाव धीरे-धीरे कम हो रहा है। बीते सप्ताह में 10 जिलों में संक्रमण दर तीन प्रतिशत से कम हो गई है। वहीं, सभी 13 जिलों की संक्रमण दर पांच प्रतिशत से नीचे है। पिथौरागढ़ जिले की संक्रमण दर सबसे अधिक 4.33 प्रतिशत है।
कोरोना की दूसरी लहर काबू में आ गई है। लगातार संक्रमित मामले और मौत कम होने से सरकार को थोड़ी राहत है। बीते सप्ताह 7 से 13 जून तक प्रदेश में कुल 176282 सैंपलों की जांच की गई। जिसमें 2855 संक्रमित मामले सामने आए हैं।
सैंपल जांच के आधार पर प्रदेश के सभी 13 जनपदों की संक्रमण दर पांच प्रतिशत से नीचे आ गई है। जिसमें 10 जिलों की संक्रमण दर तीन प्रतिशत से कम दर्ज की गई। पिथौरागढ़ जनपद की सबसे अधिक 4.33 प्रतिशत संक्रमण दर है। जबकि अल्मोड़ा की 4.32 प्रतिशत, नैनीताल की 3.02 प्रतिशत संक्रमण दर है। सबसे कम संक्रमण दर हरिद्वार जिले की 0.86 प्रतिशत है।
सोशल डेवलपमेंट फॉर कम्युनिटी फाउंडेशन के अध्यक्ष अनूप नौटियाल का कहना है कि कोरोना संक्रमण का प्रभाव कम हो रहा है। प्रदेश के 10 जिलों की संक्रमण दर तीन प्रतिशत से कम हो रही है। सरकार को वर्तमान में संक्रमण का ट्रेड व डाटा के आधार पर कोरोना कर्फ्यू बढ़ाने पर पुनर्विचार करना चाहिए।