कोरोना वायरस के नए मामले सामने आने पर डीआईजी/एसएसपी अरुण मोहन जोशी ने रविवार को पुलिस कार्यालय में जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों, शाखा प्रभारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी को निर्देशित किया कि वह अपने अधीनस्थों को कोरोना से बचाव एवं सावधानियों की जानकारी दें। साथ ही ड्यूटी के दौरान सभी लोग मास्क और सैनेटाइजर आवश्यक तौर पर रखें।
प्रत्येक कर्मचारी को भली भांति ब्रीफ किया जाए कि ड्यूटी के साथ-साथ संक्रमण से बचाव भी उनकी प्राथमिकता में है। अपनी ड्यूटी को प्रोफेशनल तरीके से करें। रात की चेकिंग में नियुक्त कर्मचारी हर हाल में मास्क व सैनेटाइजर का नियमित रूप से इस्तेमाल करेंगे। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि कोरोना वायरस के संक्रमण के दृष्टिगत हर तरह परिस्थिति से निपटने के लिए तैयारी पूरी रखें।
संक्रमण के संबंध में प्राप्त किसी भी जानकारी पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा बनाई कार्ययोजना के अनुरूप ही कार्य करते हुए संबंधित विभागों के समन्वय स्थापित कर कार्य करें। सभी अधिकारियों को अवगत कराया गया कि थोड़ी सावधानी बरतकर इस वायरस के संक्रमण से बचा जा सकता है। इसलिए ड्यूटी के दौरान इन बातों का ध्यान रखते हुए सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।