छुट्टियों पर जहां ज्यादातर माता-पिता बच्चों के साथ क्वालिटी टाइम गुजार रहे हैं वहीं, कुछ ऐसे भी हैं, जो जल्दी स्कूल खुलने की कामना कर रहे हैं। दरअसल, घर पर बच्चों की मस्ती, लड़ाई-झगड़े और उछलकूद से कई मां-बाप परेशान भी होने लगे हैं।
पहले स्कूल, फिर ट्यूशन या कोचिंग के चलते आमतौर पर बच्चों के पास इतना वक्त नहीं होता कि वो घर पर ज्यादा समय बिता सकें लेकिन आजकल सुबह से शाम तक बच्चे घर पर ही रह रहे हैं। नकरौंदा निवासी सुनीता कोठारी के अनुसार दिनभर बच्चों की मस्ती और लड़ाई झगड़े से परेशानी होने लगी है। स्कूल खुला होता तो बच्चे पूरा पढ़ाई में ही गुजारते।
यात्रा टाल रहे लोग
कोरोना के खतरे को देखते हुए ज्यादातर लोगों ने गर्मियों की छुट्टियों में घूमने जाने की अपनी योजना टाल दी है। हालांकि अभी गर्मियों की छुट्टियों में काफी वक्त बाकी है। साथ ही लोगों को तब तक स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है लेकिन फिर भी ज्यादातर लोग डरे हुए हैं और महीने-दो महीने बाद की यात्रा भी टाल रहे हैं। इससे सालभर से घूमने जाने की प्लानिंग कर रहे बच्चे खासे निराश हैं।
फिल्म देखने और खेलने में गुजर रहा वक्त
ज्यादातर बच्चे इन दिनों घर पर फिल्म देखने और खेलने में अपना वक्त गुजार रहे हैं। मां-बाप ने भी बच्चों को मौज-मस्ती करने की पूरी छूट दी है। मोहल्लों में बच्चे सुबह से साइकिल के साथ मस्ती करते दिख जाते हैं। शाम के समय घूमने जाने वाली महिलाएं भी इन दिनों अलग-अलग दिख रही हैं।
घर पर ही बीत रही छुट्टियां
छुट्टियों का उपयोग आमतौर पर बच्चे कुछ नया सीखने के लिए करते हैं। विदेशी भाषा, स्विमिंग, डांस, सिंगिंग, स्पोर्ट्स सीखने में सबसे ज्यादा बच्चों की रुचि होती है लेकिन इन दिनों मां-बाप भी बच्चों को घर से बाहर भेजने से बच रहे हैं। ऐसे में ज्यादातर बच्चों की छुट्टियां घर पर ही बीत रही है।