खतरनाक वायरस कोराना के कोहराम को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से की गई जनता कर्फ्यू की अपली को धर्मनगरी में व्यापक जनसमर्थन मिला है। धर्मनगरी के लोगों ने आज रविवार को जनता कर्फ्यू को सफल बनाने की तैयारी कर ली। प्रशासन जहां जनता कर्फ्यू के दौरान व्यवस्था बनाए रखने को मुस्तैद नजर आ रहा है वहीं शनिवार को विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने लोगों से जन संपर्क करके आह्वान को सफल बनाने की अपील की।
हरिद्वार में सभी होटल, धर्मशाला, अतिथि गृह और मॉल्स को बंद करने का निर्णय लिया गया है। बाजारों में भी शनिवार को ही अधिकतर दुकानें बंद कर दी गई। रेस्तरां और जिम आदि पहले से ही बंद हैं। प्रशासन भी जनता कर्फ्यू को देखते हुए पूरी तरह सतर्क है। शनिवार को जनता कर्फ्यू का मिनी रूप हरिद्वार में देखने को मिला। इस दौरान जहां सरकारी दफ्तरों से रौनक गायब थी, वहीं रानीपुर मोड़, ज्वालापुर, कनखल, मध्य हरिद्वार, उत्तरी हरिद्वार श्रवण नाथ नगर आदि बाजारों में काफी दुकानें बंद रही।
रानीपुर मोड़ क्षेत्र के आसपास स्थित बड़े बड़े मॉल तथा कई शोरूम शनिवार को ही बंद रखे गए। अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा द्वारा शुक्रवार को बुलाई गई बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार शनिवार को ही होटल, धर्मशाला और अतिथि गृहों को पर्यटकों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया। शिवालिक नगर नगर पालिका के अध्यक्ष राजीव शर्मा ने शिवालिक नगर और भेल के आसपास के बाजारों से संपर्क कर जनता कर्फ्यू के लिए सहयोग मांगा।
जिला अधिकारी श्री रविशंकर ने बताया कि जनता कर्फ्यू को सफल के दौरान लोगों को जरूरी सामान के लिए दिक्कत न हो इसके लिए पेट्रोल पंप, मेडिकल स्टोर सहित अन्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी तैयारी की गई है। एसएसपी सैंथिल अबुदई कृष्णराज एस ने सभी थानाध्यक्षों समेत अन्य अधिकारियों को भी जनता कफर्यू के दौरान हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी और एसएसपी ने सभी लोगों से इस दौरान व्यवस्थाओं में सहयोग की अपील की है।