उत्तराखंड में टीकाकरण बूथों की संख्या बढ़ने के साथ कोरोना वैक्सीन लगवाने वाले स्वास्थ्य कर्मियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। 19 दिनों के भीतर एक दिन में सबसे अधिक 10723 स्वास्थ्य कर्मियों ने वैक्सीन लगवाई है। अब तक टीकाकरण अभियान के कुल लक्ष्य का 61.59 प्रतिशत हासिल कर लिया गया है।
विज्ञापन
पहले चरण में शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए आने वाले चार दिनों में 33635 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाई जानी है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि सात फरवरी तक सभी स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन की पहली खुराक देने का लक्ष्य पूरा हो जाएगा।
प्रदेश में कोरोना टीकाकरण अभियान को 19 दिन पूरे हो गए हैं। पहले चरण के लक्ष्य को हासिल करने के लिए अब रोजाना स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाई जा रही है। बुधवार को प्रदेश के 160 बूथों पर 10723 कर्मियों को वैक्सीन की खुराक दी है। यह एक दिन में अब तक सबसे ज्यादा संख्या है। प्रदेश में 53953 हेल्थ वर्करों का टीकाकरण किया जा चुका है। सात फरवरी तक स्वास्थ्य विभाग को हर हाल में पहले चरण का टीकाकरण पूरा करना है। अगले सप्ताह से फ्रंट लाइन वर्करों को वैक्सीन लगाई जाएगी।
विज्ञापन
राज्य कोविड कंट्रोल रूम के चीफ आपरेटिंग आफिसर डॉ.अभिषेक त्रिपाठी का कहना है कि वैक्सीन लगवाने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों का उत्साह बढ़ रहा है। प्रदेश में टीकाकरण अभियान का 61.59 प्रतिशत लक्ष्य हासिल हो चुका है। चार दिनों के भीतर सभी 87588 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य पूरा हो जाएगा।
दूसरे चरण में उत्तराखंड मिली 1.40 लाख डोज
उत्तराखंड में दूसरे चरण के टीकाकरण के लिए तैयारी तेज हो गई है। उत्तराखंड को एक लाख 40 हजार खुराक और मिली है। दूसरे चरण में पुलिस, प्रशासन, नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, जिला पूर्ति विभाग समेत अन्य विभागों का टीकाकरण शुरू होगा।