आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष एसएस कलेर ने कहा कि हरिद्वार में होनेे वाले कुंभ मेले में धर्म और आस्था के बीच कोरोना दीवार न बने। इसके लिए सरकार को उचित कदम उठाना चाहिए। जिससे देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालु गंगा में पवित्र डुबकी लगा सके।
आप अध्यक्ष ने जारी बयान में कहा कि हरिद्वार में 27 फरवरी से शुरू होने जा रहे कुंभ के लिए केंद्र ने एसओपी जारी कर दी है। जिसमें केंद्र ने स्पष्ट कर दिया है कि कुंभ में उन्हीं लोगों को प्रवेश करने दिया जाएगा, जिनके पास 72 घंटों के अंतराल की आईआरटीपीसीआर रिपोर्ट होगी। इसके साथ ही यहां आने वाले लोगों को अपने शहर के अस्पतालों या मेडिकल कॉलेजों से मेडिकल सर्टिफिकेट भी लाना होगा।
उन्होंने कहा कुंभ आस्था और विश्वास का ऐसा महापर्व है, जिसे लेकर सरकार को यहां आने वाले हर एक श्रद्धालु की आस्था का खयाल रखना नैतिक जिम्मेदारी है। ऐसे में कोरोना वायरस से बचाव के उपाय भी सरकार को करने होंगे। देश भर से से कुंभ में स्नान करने वाले लोगों को बैरंग न लौटना पड़े। इसके लिए ब्लू प्रिंट भी तैयार करना होगा।