कोटद्वार में स्वास्थ्य विभाग की उदासीन कार्यप्रणाली क्षेत्र के लोगों पर भारी पड़ रही है। सोमवार को बेस अस्पताल के वैक्सीनेशन सेंटर पर दो घंटे से इंतजार कर रहे लोगों का टीकाकरण नहीं होने और उन्हें किसी प्रकार की जानकारी नहीं मिलने पर लोग भड़क गए। उन्होंने बेस अस्पताल के वैक्सीनेशन सेंटर के बाहर जमकर हंगामा काटा। इसके बाद हरकत में आया बेस अस्पताल प्रबंधन ने सेंटर के बाहर वैक्सीन समाप्त होने पर टीकाकरण नहीं होने की सूचना चस्पा की, तब जाकर लोग शांत हुए।
सोमवार को सुबह छह बजे लोग बेस अस्पताल के वैक्सीनेशन सेंटर पर पहुंच गए। आठ बजे तक वैक्सीन लगाने वाले स्टाफ के नहीं पहुंचने पर लोगों ने अस्पताल से वैक्सीनेशन की जानकारी लेनी चाही, लेकिन किसी ने लोगों को इसकी जानकारी नहीं दी। इस पर लोग भड़क गए। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर लोगों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए हंगामा काटना शुरू कर दिया।
टीकाकरण करने पहुंचे जय कुमार भाटिया, अश्वनी कुमार और आलोक शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग पर लोगों को भ्रमित करने का आरोप लगाया। कहा कि पिछले चार दिनों से कोटद्वार के पांच कोरोना टीकाकरण केंद्रों पर टीकाकरण का कार्य ठप पड़ा हुआ है। लोग टीकाकरण केंद्र में जा रहे हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को वैक्सीनेशन को लेकर किसी प्रकार की सूचना नहीं दिए जाने पर लोग घंटों इंतजार करके अपने घरों को लौट रहे हैं।
उधर, दुगड्डा ब्लाक के चिकित्साधिकारी डॉ. शैलेंद्र बड़थ्वाल ने बताया कि वैक्सीन समाप्त होने के कारण वैक्सीनेशन का कार्य नहीं हो पा रहा है। सरकार को वैक्सीन का ऑर्डर भेजा गया है। उपलब्ध होने पर लोगों को टीका लगाया जाएगा।