रुद्रप्रयाग जिले में 18 से 44 वर्ष की उम्र के लिए वैक्सीन खत्म हो गई है। इस वर्ग में दस फीसदी टीकाकरण हुआ है। टीका खत्म होने से शुक्रवार को टीकाकरण नहीं होगा। जबकि 45 वर्ष से अधिक उम्र के लिए 4500 डोज शेष रह गई हैं। इस आयु वर्ग में 88 फीसदी टीकाकरण किया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा दोनों आयु वर्ग के लिए पर्याप्त वैक्सीन के लिए निदेशालय को मांग भेजी गई है।
बीते 10 मई से 18 से 44 वर्ष के लोगों के लिए टीकाकरण शुरू हो गया था। लगभग ढाई सप्ताह में 16 हजार लोगों को टीका लगाया जा चुका है। इधर, गुरुवार को जीआईसी रुद्रप्रयाग, जीजीआईसी अगस्त्यमुनि, जीआईसी ऊखीमठ और ओमकारानंद जखोली में ही 18 से 44 वर्ष के लोगों को टीका लगाया गया।
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, इस दौरान इन केंद्रों पर लगभग 500 लोगों को ही टीका लगाया गया। अब, वैक्सीन खत्म हो गई है, जिस कारण शुक्रवार को जिले में इस उम्र का वैक्सीनेशन नहीं होगा। दूसरी तरफ 45 वर्ष से अधिक उम्र के लिए भी 4500 वैक्सीन की डोज बची है। सीएमओ डॉ. बीके शुक्ला ने बताया कि वैक्सीन की डिमांड निदेशालय को भेज दी गई है। शुक्रवार शाम तक पर्याप्त वैक्सीन मिल जाएगी।
बताया कि 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में अब कम लोग रह गए हैं, जिनका टीकाकरण होना है। इसलिए अब, मोबाइल वैन के जरिए भी इस आयु वर्ग के लोगों को टीका लगाने की योजना है। सीएमओ के अनुसार जिले में अभी तक 92 हजार लोगों को टीका लगाया जा चुका है, जिसमें 72 हजार लोग को पहली डोज व 20 हजार को दूसरी डोज लग चुकी है।
पौड़ी जिले में अभी तक लगभग पांच फीसदी युवाओं (18-45 वर्ष) को ही कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लग पाई है। स्थिति यह है कि वर्तमान में सिर्फ पौड़ी और कोटद्वार में वैक्सीनेशन हो रहा है। जबकि जिले में दो लाख 75 हजार 107 युवाओं का वैक्सीनेशन किया जाना है।
26 मई तक जिले में मात्र 13 हजार 499 युवाओं को वैक्सीन लग पाई। जिस रफ्तार से वैक्सीनेशन किया जा रहा है, उससे लगता है कि युवाओं को लंबा इंतजार करना पड़ेगा। हालांकि आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का कहना है कि वैक्सीन इस हफ्ते तक मिल जाएगी। युवाओं की सुविधा के लिए लगभग 10 केंद्र और स्थापित किए जा रहे हैं। अब बिना ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग के भी वैक्सीन लगा सकते हैं।
युवाओं के कोरोना टीके खत्म
उत्तरकाशी जिले में 18 से 44 आयु के लोगों के टीकाकरण के लिए टीकों की किल्लत हो गई है। शुक्रवार को युवाओं का टीकाकरण नहीं हो पाएगा। केवल 45 से अधिक उम्र के लोगों को ही टीके लग पाएंगे। इसके लिए छह ब्लाकों में कुल 17 टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं।
वॉर रूम में तैनात एसीएमओ डॉ. विपुल बिस्वास ने बताया कि 45 से अधिक उम्र के लोगों के लिए सीधे केंद्र सरकार की ओर से टीके आवंटित किए जा रहे हैं, जबकि युवाओं के टीकों की व्यवस्था राज्य सरकार कर रही है। बताया कि राज्य सरकार से टीके मिलते ही इस आयुवर्ग का टीकाकरण दोबारा से शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि 45 से अधिक आयु के लोगों के लिए पर्याप्त टीके उपलब्ध हैं।