जिस दौरान मृतकों और संक्रमितों की संख्या में कई गुना इजाफा हुआ, उस दौरान कुल जांच की संख्या में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हुई। चार से 10 अप्रैल के दौरान 2,39,522 और 25 अप्रैल से एक मई के बीच 2,78,206 लोगों की जांच की गई। इसके अलावा प्रदेश में एक्टिव केस भी करीब छह गुना बड़े हैं। 2241 केस तीन हफ्ते में बढ़कर 51127 तक पहुंच गए हैं।
कोरोना की दूसरी लहर ज्यादा नुकसान कर रही है। आंकड़ों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हो रही है। लोग कोविड सुरक्षा नियमों का पालन करें। खुद भी बचें और दूसरे को भी बचाएं।
-अनूप नौटियाल, संस्थापक, सोशल डेवलपमेंट फॉर कम्यूनिटीज फाउंडेशन
हल्द्वानी में चार दिन में शुरू होगा ऑक्सीजन प्लांट
हल्द्वानी में अगले चार दिन में ऑक्सीजन प्लांट शुरू हो जाएगा। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने शहरी विकास मंत्री बंशीधर भगत को यह आश्वासन दिया है। कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर कोरोना के हालातों पर चर्चा की। उत्तराखंड सहित नैनीताल में बढ़ते मरीजों को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री से चिंता व्यक्त की। उन्होंने मुख्यमंत्री से ऑक्सीजन बेड, आईसीयू एवं वेंटिलेटर की संख्या बढ़ाने का अनुरोध किया। साथ ही साथ ऑक्सीजन प्लांट एवं ऑक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री संज्ञान लेते हुए आश्वासन दिया कि जल्द ही हल्द्वानी में चार दिन के भीतर ऑक्सीजन प्लांट शुरू कर दिए जाएंगे। मिनी स्टेडियम में भी 150 बेड की व्यवस्था की जा रही है जो जल्द शुरू हो जाएगी। केंद्र सरकार के डीआरडीओ के माध्यम से मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में लगभग 500 ऑक्सीजन बेड की व्यवस्था की जा रही है। डीआरडीओ को लगभग 40 करोड़ की राशि जारी कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जल्द ही 18 से 45 वर्ष आयु के नागरिकों का भी मुफ्त में वैक्सीनशन का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने डीएम से फोन पर बात कर इन सब कार्यों को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए और बाजार में दवाइयों एवं ऑक्सीमीटर सहित अन्य चीजों की कालाबाजारी पर सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।