वन्यजीवों से परेशान कार्बेट नेशनल पार्क से सटे रिखणीखाल क्षेत्र के कई गांवों के लोगों ने काण्डा में पार्क और वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि वन्यजीवों के आतंक से आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।
वन्यजीवों से दिलाए निजात
ग्रामसभा काण्डा के काण्डावाला, काण्डा पल्ला, तैड़िया, दियोड़, जौड़ी रौल, बीरोबाड़ी, भैसिया और बसुसेरा के ग्रामीणों ने बुधवार को काण्डा गांव में एकत्र होकर वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर वन्यजीवों के आतंक से निजात दिलाने की मांग प्रदेश सरकार से की है। प्रदर्शन से पूर्व ग्रामीणों ने क्षेत्र में रैली निकाली।
आजीविका का संकट
जंगली जानवरों ने ग्रामीणों की आजीविका पर संकट खड़ा कर दिया है। सूअर, सांभर, बंदर और साही फसल चौपट न कर रहे हों। ग्रामीणों का कहना है कि पार्क से सटे क्षेत्र और वन्यजीव बहुल इलाकों में वन विभाग को कंटीली तारबाड़ लगाने चाहिए। कहा कि पार्क से सटे इन इलाकों को बफर जोन में शामिल किया गया है।
प्रदर्शन में निवर्तमान प्रधान दीपा देवी, महिला मंगल दल अध्यक्ष सुखा देवी, पूर्व प्रधान भोला सिंह, बीरेंद्र सिंह नेगी, भोला सिंह, उम्मेद सिंह, पूर्व वन पंचायत सरपंच दलजीत सिंह रावत समेत कई ग्रामीण मौजूद थे।